जीतेंद्र जीतू/न्यूज डेक्स राजस्थान
पीलीबंगा। जिला परिवहन अधिकारी जगदीश अमरावत के दिशा-निर्देशानुसार बुधवार को परिवहन उप-निरीक्षक अमित सुड्डा ने निजी वाहनों, लोक परिवहन बसों व टैक्सी वाहनों सहित विभिन्न रूटों पर चलने वाली बसों का निरीक्षण कर बस संचालकों को कोविड-19 की जारी गाइडलाइन से अधिक सवारियां नहीं बिठाने, प्रत्येक सवारी के मुंह पर मास्क लगा होने के साथ-साथ किसी भी सवारी को बस में खड़ा नहीं होने देने से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कोविड-19 कोरोना अंतर्गत राज्य व केंद्र सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन की कड़ाई से पालना करने हेतु जानकारी दी।
इस अवसर पर वाहन चालकों व सवारियों सहित मार्गों पर अति आवश्यक कार्यों के लिए जा रहे वाहन चालकों को परिवहन उप-निरीक्षक द्वारा मास्क वितरण भी किया गया। जिला परिवहन अधिकारी जगदीश अमरावत ने बताया कि सार्वजनिक परिवहन में बैठक क्षमता से 50 प्रतिशत ही सवारियों को बसों में बैठाने हेतु गठित टीमों को आवश्यक निर्देश दिए हुए हैं। वहीं कोविड-19 की दूसरी लहर के प्रसार को रोकने के लिए जारी गाइडलाइन की कड़ाई से पालना करवाने हेतु संबंधित टीमों को निर्देशित किया गया हैं। इसके साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई हेतु भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए है।
निरीक्षण के दौरान परिवहन उप-निरीक्षक अमित सुड्डा ने प्रत्येक व्यक्ति को सोशल डिस्टैंसिंग की पालना करने व आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सख्त हिदायत दी। इस अवसर पर सुड्डा ने कोविड-19 वैक्सीनेशन हेतु प्रेरित करते हुए संबंधित निकटवर्ती शिविरों के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही कोविड-19 गाइडलाइन की विपरीत संचालित बसों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए।