डाक्टर की गिरफ्तारी को आईएएम ने बताया प्रतिशोधात्मक कार्रवाई
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। आक्सीजन की कमी की अफवाह फैलाकर खुद कोरोना पाजिटिव होते हुए कोरोना मरीजों के परिजनों सहित उपायुक्त कैम्प कार्यालय में घुसकर उत्पात मचाने के आरोप में राधा किशन अस्पताल के डाक्टर लोकेंद्र गोयल को रविवार के दिन गिरफ्तार कर लिया गया था। आईएएम ने डाक्टर लोकेंद्र गोयल की गिरफ्तारी का विरोध किया और इस कार्रवाई को प्रतिशोधात्मक कार्रवाई बताया।डाक्टरों ने इस मामले में एक अधिकारी पर कार्रवाई की भी मांग की है।
डीएसपी नरेंद्र सिंह की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि डाक्टर लोकेंद्र गोयल ने आक्सीजन की कमी की अफवाह फैलाकर खुद कोरोना पाजिटिव होते हुए कोरोना मरीजों के परिजनों सहित उपायुक्त कैम्प कार्यालय में घुसकर उत्पात मचाया था। इस आरोप में डाक्टर को गिरफ्तार किया कर कोर्ट में पेश किया था जहां उसे जमानत मिल गई है।
जानकारी देते हुए नरेन्द्र सिंह ने बताया कि दिनांक 28 अप्रैल 2021 को अमरीक सिंह पुत्र तेजा सिंह वासी सिंहपुरा मलिकपुर हाल पीए टू उपायुक्त महोदया कुरूक्षेत्र ने थाना शहर थानेसर पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि दिनांक 27 अप्रैल 2021 की रात समय करीब 08.30 बजे डा. लोकेंद्र गोयल अपने हस्पताल में भर्ती कोरोना पीड़ित मरीजों के 25/30 परिजनों सहित उपायुक्त कैम्प कार्यालय कुरूक्षेत्र में आया और आते ही बाहर गेट पर लगी गार्द के पुलिस कर्मचारियों के साथ धक्का मुक्की करते हुए उनके साथ हाथापाई करने लगे और जबरदस्ती कैम्प कार्यालय में आकर जोर जोर से चिल्लाने लगे।
डाक्टर लोकेन्द्र गोयल चिल्ला-चिल्ला कर कहने लगा कि राधा किशन हस्पताल कुरूक्षेत्र में ओक्सीजन खत्म होने वाली है। राधा किशन हस्पताल कुरूक्षेत्र में आक्सीजन उपलब्ध करवाई जाए। उसके पश्चात उपायुक्त महोदया ने सिविल सर्जन कार्यालय से मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा हस्पताल का निरीक्षण करवाया गया। हस्पताल के निरीक्षण से पता चला कि राधा कृष्णा हस्पताल में सुबह 4 बजे तक की आक्सीजन उपलब्ध है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा यह भी बताया गया कि डा. लोकेंद्र गोयल की खुद की कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पाजिटिव आई हुई है। इनको इस तरह बाहर न घूमते हुए सैल्फ आईशोलेशन मे जाना चाहिए था। डा. लोकेंद्र गोयल ने यह जानते हुए कि वह खुद कोरोना पाजिटिव है। अपने साथ कोरोना पीड़ितों के 25/30 परिजनों को साथ लेकर उपायुक्त कैंप कार्यालय में आकर कोरोना संक्रमण व्यापक तौर पर फैलाने की कोशिश की है तथा झुठी अफवाह फैलाकर लोगों में भय उत्पन्न करने का काम किया है।
इसके साथ ही डा. लोकेंद्र गोयल ने उपायुक्त निवास के गेट पर लगी गार्द के जवानों के साथ धक्का मुक्की करके सरकारी ड्यूटी में बाधा पंहुचाई है। इस प्रकार डा. लोकेंद्र गोयल ने उपायुक्त कार्यालय के कैंप आफिस में जबरदस्ती घुसकर सोची-समझी साजिश के तहत कोरोना महामारी का संक्रमण फैलाने का प्रयास किया तथा प्रशासन पर अनावश्यक दबाव बनाने का प्रयास किया है।
इस शिकायत पर थाना शहर थानेसर में मामला दर्ज करके जांच उप निरीक्षक महेंद्र सिंह को सौंपी गई थी। प्रबन्धक थाना शहर थानेसर उप निरीक्षक देवेन्द्र कुमार, उप निरीक्षक महेन्द्र सिंह व सहायक उप निरीक्षक रविन्द्र की टीम ने आरोपी डा. लोकेन्द्र गोयल पुत्र माया राम वासी राधा किशन हस्पताल कुरुक्षेत्र को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया, जिसको अदालत ने जमानत पर रिहा कर दिया।