न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के कर कमलों द्वारा गीता ज्ञान संस्थानम की ओर से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कर्मचारियों के लिए कोरोना से बचाव हेतु सामान जिसमें काफी मात्रा में मास्क, सैनिटाइजर, स्टीमर, ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर इत्यादि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सोमनाथ सचदेवा को भेंट किए गए।
कोरोना से बचाव हेतु सभी तरह की सामग्री भेंट करते हुए गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि महामारी के इस दौर में जीओ गीता और गीता ज्ञान संस्थानम के माध्यम से समाज में यथासंभव मदद की जाएगी। केवल कुरुक्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे देश में जीओ गीता संस्थाएं इस महामारी काल में निरंतर सेवारत हैं। और जब तक इस महामारी का अंत नहीं हो जाता जीओ गीता संस्थाएं सेवा के इन कार्यों में तत्पर रहेंगी।
स्वामी जी ने बताया कि आगे भी जहां-जहां आवश्यकता होगी करुणा से बचाव हेतु हर तरह की सामग्री गीता ज्ञान संस्थानम द्वारा उपलब्ध करवाई जाएगी। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ सोमनाथ सचदेवा ने कोरोना सुरक्षा हेतु सामान उपलब्ध करवाने पर गीता ज्ञान संस्थानम का आभार जताया। इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार संजीव शर्मा, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, सदस्य विजय नरूला, राजेंद्र चोपड़ा, ललित गोयल, जतिन सलूजा और सुरेश भसीन भी उपस्थित रहे।