न्यूज डेक्स हरियाणा
चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस ने कैथल जिले में एक अंतर्राज्यीय नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 30 लाख रुपये की 21 किलो अफीम बरामद की है। हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस की टीम ने विश्वसनीय सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक घर में छापेमारी कर मादक पदार्थ जब्त किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महमूदपुर निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी बिहार से अफीम खरीदकर लाता था और गुहला-चीका इलाके और पंजाब में अधिक कीमत पर इसकी सप्लाई करता था। आरोपी दो चचेरे भाई भी 91 किलो अफीम तस्करी के एक मामले में उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जेल में बंद हैं। पुलिस की एक टीम को गश्त के दौरान सूचना मिली कि पकडा गया आरोपी अफीम बेचने का धंधा करता है और अपने मकान पर भारी मात्रा में अफीम रखे हुए है।
पुलिस ने मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को उसके मकान पर रेड कर काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के मकान में सीढ़ियों के पास कच्ची जमीन को खोदने उपरांत एक प्लास्टिक कट्टा बरामद हुआ जिसमें रखे पॉलीथिन से करीब 30 लाख रुपए की 21 किलो ग्राम अफीम बरामद हुई।