पूरा वीडियो जब सामने आया तो पता चला पहले एसपी ने मारा था अधिकारी को थप्पड़
कुल्लू के भुंतर एयरपोर्ट के बाहर हुआ पूरा घटनाक्रम,पब्लिक ने किया कैमरों में कैद
न्यूज डेक्स हिमाचल
कुल्लू। एसपी साहब को क्यों मार रहे हो,एसपी साहब को क्यों मार रहे हो। यह आवाज कुल्लू के भुंतर हवाई अड्डे के पास भीड़ में वीवीआईपी काफिले सड़क पर रुकने और दो उच्चाधिकारियों के बीच हुए विवाद के बीच सुनाई दी। इसका वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कोट पैंट पहने एक व्यक्ति हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में तैनात पुलिस अधीक्षक को लगातार लात मारते हुए दिखाई दे रहा है। कुछ ही देर बाद पता चला कि एक एसपी को लात पर लात मारने की जुर्रत करते दिखाई दे रहा व्यक्ति सीएम सिक्योरिटी आफिसर है।इस घटनाक्रम का पूरा वीडियो जब सामने आया तो उसमें एसपी कुल्लू पहले थप्पड़ मारते हुए दिखाई दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबित सीएम सिक्योरिटी के इस आफिसर और एसपी में यह विवाद खूब चर्चित हो रहा है। बात सीएम तक पहुंच चुकी है। आगे क्या होगा, इस मामले में कार्रवाई क्या होगी,इसका इंतजार हो रहा है। बहरहाल इस मामले में तीन अधिकारियों को छुट्टी पर भेजने की बात सामने आ रही है,यानी इस पूरे घटनाक्रम की जांच होने यह तीनों अधिकारी अवकाश पर रहेंगे।
बताया जा रहा है कि यह पूरा घटनाक्रम भुंतर एयरपोर्ट के बाहर उस समय का है जब हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का काफिला केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को लेकर यहां से रवाना हो रहा था।उसी वक्त यह विवाद हुआ। उच्चाधिकारियों की इस हरकत से सरकार को भी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है,क्योंकि सब कुछ पब्लिक के बीच हुआ। पूरे विवाद के समय काफी संख्या में पब्लिक वहां जमा थी और अपने अपने मोबाइल कैमरों में पूरे घटनाक्रम को कैद कर रही थी। पब्लिक द्वारा तैयार की गई यही वीडियो जमकर वायरल हो रही है।