डिस्ट्रिक्ट प्लान से एलएनजेपी को उपलब्ध करवाई जाएगी अधिक से अधिक राशि
एलएनजेपी में कोरोना की तीसरी लहर के लिए समाज सेवी संस्थाएं करेंगी हर संभव सहयोग
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि एलएनजेपी अस्पताल के पोस्ट मार्टम हाउस में शव रखने के लिए मापदंडों के अनुसार उचित व्यवस्था करवाई जाएगी। इसके लिए विधायक फंड से जरुरत के अनुसार अनुदान राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके साथ ही एलएनजेपी में संसाधनों की कमी को पूरा करने के लिए डिस्ट्रिक्ट प्लान से भी अधिक से अधिक राशि उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा। विधायक सुभाष सुधा शुक्रवार को देर सायं एलएनजेपी अस्पताल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। यहां पर सीएमओ व स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारियों ने खाली पड़े पदों के साथ-साथ पोस्ट मार्टम हाउस के की वर्तमान हालत और अन्य संसाधनों की कमी को पूरा करने की अपील की है।
विधायक ने कहा कि पोस्ट मार्टम हाउस में शव रखने के लिए उचित व्यवस्था होनी चाहिए। इसके लिए जितनी भी राशि खर्च होगी, वह विधायक फंड से उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके साथ ही शैड, मरीजों के बैठने की व्यवस्था के साथ-साथ अन्य संसाधनों की कमी को भी पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डिस्ट्रिक्ट फंड से संसाधनों की कमी को पूरा करने के लिए अधिक से अधिक बजट उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा। उनका प्रयास है कि कोरोना महामारी के दौरान कुरुक्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी ना रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना की तीसरी लहर को लेकर एलएनजेपी में मरीजों के खाने के लिए समाज सेवी संस्थाओं के माध्यम से पूरे प्रबंध किए जाएंगे। इसके लिए उन्होंने समाज सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से बात कर ली है। अस्पताल में मरीजों को खाने की कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। इससे पहले भी कुरुक्षेत्र की समाज सेवी संस्थाओं ने राशन, भोजन बनाने और वितरण करने में उल्लेखनीय योगदन दिया है। इस योगदान को कभी भूलाया नहीं जा सकेगा।