न्यूज डेक्स संवाददाता
जींद।जिला परिषद के वार्डों में अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग तथा महिलाओं के लिए वार्ड आरक्षित करने को लेकर सोमवार को स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। अतिरिक्त उपायुक्त साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में पूर्ण वार्डों को आरक्षित किया गया। वार्डों को आरक्षित करने को लेकर आयोजित हुई पूरी बैठक की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी भी करवाई गई।अतिरिक्त उपायुक्त साहिल गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला परिषद के वार्डों को आरक्षित करने का कार्य पारदर्शिता के बीच पूर्ण कर लिया गया है।
जिला परिषद जींद में कुल 25 वार्ड है। इनमें से 6 वार्ड जनसंख्या के आधार पर अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किए गए है तथा पिछड़ा वर्ग के लिए ड्रा ऑफ लॉटस के माध्यम से दो वार्ड आरक्षित किए गए है। उन्होंने बताया कि वार्डों के आरक्षण का कार्य राज्य सरकार द्वारा जारी नए निर्देशों के अनुरूप किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछड़ा वर्ग के लिए 17 तथा 22 नम्बर वार्ड आरक्षित हुए है। इनमें से 22 नम्बर वार्ड पिछड़ा वर्ग (महिला) के लिए आरक्षित हुआ है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार जिन वार्डों में अनुसूचित जाति के लोगों की संख्या अधिक है, वह 6 वार्ड अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किए गए है। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति के लिए जिला परिषद के वार्ड नम्बर 1, 3, 5, 6, 8 तथा 16 नम्बर वार्ड आरक्षित किए गए है।
इन वार्डों में वार्ड नम्बर 3, 6 तथा 16 को अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है।उन्होंने बताया कि सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए वार्ड नम्बर 4, 9, 11, 13, 15, 18, 20 तथा 24 को आरक्षित किया गया है। सामान्य वर्ग के लोगों के लिए वार्ड नम्बर 2, 7, 10, 12, 14, 19, 21, 23 तथा 25 को आरक्षित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला परिषद जींद में पहले 26 वार्ड थे, लेकिन नरवाना उपमण्डल के दो गांवों धनौरी तथा बरटा कैथल जिले में जाने की वजह से अब जिला परिषद जींद में कुल 25 वार्ड रह गए हैं।
पिछड़ा वर्ग के लिए दो वार्ड आरक्षित करने के लिए ड्रा ऑफ लॉटस निकाला गया। अतिरिक्त उपायुक्त ने बैठक में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को छोडक़र मौजूद अन्य लोगों को ड्रा निकालने के लिए आमंत्रित किया। रधाना के चांद सिंह ने वार्ड नम्बर 22 की पर्ची निकाली तथा दुड़ाना के रिछपाल ने वार्ड नम्बर 17 की पर्ची निकाली। इसी के साथ यह दोनों वार्ड पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हो गए। बैठक में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी तथा कई अन्य विभागों के अधिकारी एवं जिलाभर से कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।