न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र।उपायुक्त मुकुल कुमार ने कहा कि जिला परिषद कुरुक्षेत्र के 6 वार्डों को महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। इस जिले के 17 वार्डों का ड्रा ऑफ लॉट से वार्ड आरक्षण का कार्य पूरा कर लिया गया है। इन वार्डों को आरक्षण करने की प्रक्रिया शांति पूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। उपायुक्त मुकुल कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को पंचायत भवन के सभागार में जिला परिषद कुरुक्षेत्र के वार्डों का आरक्षण ड्रा ऑफ लाट के जरिए किया गया। उन्होंने कहा कि हरियाणा पंचायती राज नियमावली के नियम के तहत जिला कुरुक्षेत्र की पंचायत समिति के वार्डों की सूचि तथा जिला परिषद के वार्डों की सूचि का अंतिम प्रकाशन 4 जून 2021 को किया जा चुका है।
हरियाणा पंचायती राज (निर्वाचन) संसोधित नियमावली 2021 के नियम 5 में किए गए प्रावधान अनुसार जिला परिषद कुरुक्षेत्र के वार्डों में से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जाति की महिलाएं व सामान्य जाति की महिलाओं की सीटों का आरक्षण क्रमबद्घ नम्बर अनुसार व पिछड़ा वर्ग क की सीटों का आरक्षित करने तथा पिछड़ी जाति ए के लिए वार्ड आरक्षित करने हेतू ड्रा आफ लॉट से किया गया है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति (महिला सहित) के आरक्षित वार्डों में अनुसूचित जाति महिला के लिए वार्ड 3 व 15, अनुसूचित महिला के अलावा वार्ड 1 व 12, पिछड़ी जाति क के लिए आरक्षित वार्डों में महिला के अलावा वार्ड 2 और 5, शेष वार्डों में महिला के लिए वार्ड नम्बर 4, 6, 8, 10, 13, 16 तथा महिला के अलावा वार्ड 7, 9, 11, 14 व 17 आरक्षित किए गए है। इस मौके पर जिला परिषद के सीईओ अश्विनी मलिक, केडीबी सीईओ अनुभव मेहता, डीडीपीओ प्रताप सिंह, निवर्तमान जिप चेयरमैन गुरदयाल सुनहेड़ी आदि उपस्थित थे।