दुकानों का मालिकाना हक की शर्तों को पूरा करने वाले नप में करे आवेदन
सफाई व्यवस्था व पानी निकासी पर नजर रखने के लिए लगाई नप कर्मियों की डयूटी
नप अधिकारी और कर्मचारी पब्लिक डिलिंग में लाए सुधार
विधायकने ली नप अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि नगर परिषद की हाउस टेक्स से ब्रांच से एजेंटों का खेल खत्म करने और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए दो पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके साथ ही सीआईडी अधिकारियों और कर्मचारियों को भी नजर रखने के लिए कहा गया है। इस विषय को अमलीजामा पहनाने के लिए पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग से बातचीत की गई है। इतना ही नहीं नप अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अपनी कार्यप्रणाली को ठीक करना होगा तथा पब्लिक से अच्छी डिलिंग करनी होगी।
विधायक सुभाष सुधा वीरवार को देर सायं नगर परिषद कार्यालय के सभागार में अधिकारियों व कर्मचारियों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले विधायक सुभाष सुधा ने नवनियुक्त ईओ बलबीर रोहिल्ला और लेखा अधिकारी राजेन्द्र कुमार मलिक से हाउस टेक्स, विकास शुल्क सहित अन्य विषयों के बारे में फीडबैक ली और सीएसआई रुप रविन्द्र सिंह बिश्नोई, एसआई संजय लाम्बा व संजय कुमार से सफाई व्यवस्था और पानी निकासी तथा एक्सईन सुरेन्द्र कुमार से सडक़ों की व्यवस्था के बारे में फीडबैक ली है।
विधायक ने कहा कि हाउस टेक्स ब्रांच को लेकर लगातार शिकायते मिल रही है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए नगर परिषद के अधिकारियों को सबसे पहले अपने व्यवहार में सुधार लाना होगा और दूर दराज से आने वाले लोगों के साथ अपने परिवार के सदस्यों की तरह व्यवहार करना होगा। विधायक ने कहा कि हाउस टेक्स ब्रांच में अब नियमित रुप से 2 पुलिस कर्मियों की डयूटी लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक से बातचीत की गई है। इसके साथ ही इस शाखा पर सीआईडी कर्मचारियों को भी नजर रखने के लिए कहा गया है। इस शाखा पर पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अपनी पैनी निगाहे रखेंगे ताकि इस ब्रांच से बिचौलियों का सफाया किया जा सके।
विधायक ने लोगों से अपील की है कि राज्य सरकार द्वारा दुकानों के मालिक बनने की योजना का फायदा उठाए और जो भी व्यक्ति पालिसी की शर्तों को पूरा करता है, वह जल्द से जल्द मालिकाना हक के लिए नगर परिषद कार्यालय में जरुरी दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन जमा करवाएं। इस आवेदन के बाद नप दुकानदारों को मालिकाना हक देने की कार्रवाई को शुरु करेंगा। विधायक ने ठेकेदार को निर्र्देश दिए है कि टिप्पर चालकों का वेतन समय पर दिया जाए और टिप्पर चालकों को वेतन से सम्बन्धित कोई परेशानी नहीं आनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पिपली से थर्ड गेट तक तथा आसपास के क्षेत्र में सफाई व्यवस्था व पानी निकासी प्रबंध करने के लिए कर्मचारियों की विशेष डयूटी लगाई है। नप की तरफ से पिपली से नए बस स्टैंड तक कर्मचारी सतपाल, मोहन नगर चौंक से नए बस स्टैंड तक कर्मचारी वरुण, मोहन नगर चौंक से कंडा चौंक तक देवव्रत, अम्बेडकर चौंक से बिरला मंदिर चौंक तक ओमप्रकाश व परमजीत तथा रेलवे रोड़ पर भी 5 अतिरिक्त कर्मचारियों की डयूटी लगाई है। इन कर्मचारियों को लेकर नप की तरफ से एक वाटस एप ग्रुप तैयार किया जाएगा। यह कर्मचारी रोजाना अपने-अपने क्षेत्र में सफाई करवाने और पानी निकासी के बाद फोटो सहित रिपोर्ट को अपलोड करेंगे।
इन कर्मचारियों पर सीएसआई रुप रविन्द्र सिंह बिश्नाई व एसआई संजय निगरानी रखेंगे। इस दौरान यह टीम सडक़ व्यवस्था, सफाई व्यवस्था पर विशेष फोकस रखेंगी। इन सडक़ों पर अगर किसी रेहड़ी चालक ने अतिक्रमण किया हुआ है और इस अतिक्रमण के कारण लोगों को परेशानी हो रही है तो सबसे पहले नप कर्मी इस रेहड़ी चालक को विनम्रता से समझाएंगे, अगर फिर भी रेहड़ी चालक ने बात नहीं मानी तो उस रेहड़ी चालक को नोटिस देकर चालान करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित करेंगे। इस मौके पर ईओ बलअीर रोहिल्ला, एओ राजेन्द्र कुमार मलिक, एक्सईन सुरेन्द्र कुमार, सचिव अजीत अरोड़ा, केएल बठला सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।