न्यूज डेक्स संवाददाता
रोहतक। रोहतक में एलिवेटेड रोड शहर की लाइफ लाइन माना जाता है और जब पहले चरण में एलिवेटेड रोड की शुरुआत हुई थी तो लोगों को इसका बहुत फायदा मिला। अब उस के दूसरे चरण में कच्चा बेरी रोड से होते हुए रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के लिए लगभग 700 मीटर का एलिवेटेड रोड बनाया गया है। इसकी शुरुआत पूर्व सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर व जिला उपायुक्त कैप्टन मनोज ने की। मनीष ग्रोवर का कहना है कि शहर में जो भी समस्याएं हैं, उनके निदान के लिए हर संभव कार्य सरकार कर रही है और जल्द ही बाकी बचे एलिवेटेड रोड को भी पूरा कर लिया जाएगा।
ग्रोवर ने कहा कि रोहतक शहर के विकास में एलिवेटेड रोड का सबसे बड़ा योगदान रहा है। हालांकि शुरुआत में कुछ लोगों ने इसे लेकर सवाल भी उठाए थे। लेकिन जब से बनकर तैयार हुआ है तब से लोगों को बहुत सुविधाएं मिली है और आज जिस तरीके से इस एलिवेटेड रोड का दूसरे फेज की शुरुआत हुई है उस से रोहतक रेलवे स्टेशन पर जाने वाले लोगों की दिक्कतें खत्म हो जाएगी। क्योंकि रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए लोगों को पहले जाम का सामना करना पड़ता था। यही नहीं
उन्होंने कहा कि इस शहर में और भी कई समस्याएं हैं जिसको लेकर के काम चल रहे हैं। खासकर शहर के बीचो बीच छोटू राम चौक क्षेत्र में बरसात के दिनों में होने वाले जलभराव की निकासी के लिए सीवरेज का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के साथ बनने वाले रोड को लेकर भी रेलवे विभाग के अधिकारियों से बात की गई है और यही नहीं फिलहाल नवनियुक्त केंद्रीय रेल मंत्री से भी इसको जल्द ही शुरू करवाने के लिए आग्रह किया जाएगा।
जिला उपाय कैप्टन मनोज का कहना है कि 30 करोड़ रुपए की लागत से बने इस प्रोजेक्ट से आम लोगों को बहुत फायदा मिलेगा। उन्होंने बताया कि बाकी बचे प्रोजेक्ट के लिए भी रेलवे से अनुमति मिल चुकी है और जल्द ही उसकी भी शुरुआत होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि कोविड-19 के चलते विकास के कार्यों में कुछ थोड़ा सा ब्रेक लगा था, अब फिर से उसकी शुरुआत होगी और जो भी विकास के काम रुके हुए हैं उनमें गति लाई जाएगी।