न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। गत दिवस चंडीगढ़ में ऑल हरियाणा यूनिवर्सिटी एम्पलॉइज फेडरेशन के अध्यक्ष दयानंद सोनी की तरफ से हरियाणा की सभी यूनिवर्सिटीज के नॉन टीचिंग एसोसिएशन के नुमाइंदों ने एचआरएमएस और ऑनलाइन ट्रांसफर और अन्य मुद्दों पर अपने रोष प्रदर्शन के बाद हरियाणा के उपमुख्यमंत्री और, मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया। ज्ञापन देने के बाद फेडरेशन की तरफ से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में एक मीटिंग आयोजित करने का निर्णय लिया गया जिसमें आगामी रणनीति तय की जाएगी।
इस अवसर पर कुंटिया प्रतिनिधिमंडल जिसमें प्रधान नीलकंठ शर्मा, महासचिव रविंद्र तोमर, सह सचिव अनिल लोहट , प्रेस सचिव रुपेश खन्ना और रमेश बल्यान मौजूद थे। प्रधान नीलकंठ शर्मा ने कहा की आज की मुख्य मांग में ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी का फेडरेशन की तरफ से विरोध किया गया। उन्होंने कहा कि एचआरएमएस के लागू होने से विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता पर हमला किया जा रहा है जिसका कर्मचारियों में गहरा रोष है।
महासचिव रविंद्र तोमर ने कहा कि कर्मचारी संगठन शुरू से ही सरकार से मांग करते आए हैं कि विश्वविद्यालयों के अधिकार विश्वविद्यालय के कुलपतियों को दिए जाएं किंतु सरकार ग्रुप सी और डी की भर्तियों को भी अपने स्तर पर विश्वविद्यालयों में करने जा रही है। जिसके कारण यूनिवर्सिटी की स्वायत्तता पर खतरा मंडरा रहा है। सह सचिव अनिल लोहाट और प्रेस सचिव रुपेश खन्ना ने कहा कि हरियाणा सरकार की तर्ज पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में भी कैशलेस मैडिकल सुविधा लागू की जाए।