संगठनों के विरोध के चलते सरकार को बदलना पड़ा अपना फैसला – सिंगला
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 30 अगस्त। कुरुक्षेत्र के प्रमुख व्यवसायी एवं समाजसेवी व हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के नवनियुक्त प्रदेश संगठन सचिव राजेश सिंगला ने राज्य सरकार द्वारा सोमवार तथा मंगलवार को बाजार बंद करने के निर्णय को वापिस लिए जाने का स्वागत किया है और इसे दुकानदारों एवं व्यापारियों की जीत बताया है। उन्होंने कहाकि सरकार के बाजार बंद रखने के फैसले का व्यापारी वर्ग विरोध कर रहा था। व्यापारी वर्ग व दुकानदार पहले ही कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन एवं सरकार के प्रतिबंधों के चलते बिजनेस ठप्प होने से परेशान है। बाजार में बुरी तरह से मंदी छाई है।
सिंगला ने बताया कि व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व अखिल भारतीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय महासचिव बजरंग गर्ग ने फैसले का विरोध करते हुए कहा था कि एक सप्ताह में दो दिन दुकानें बंद करने से व्यापारियों को बड़ा भारी नुकसान होगा। इसे व्यापार मंडल किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेगा। इस फैसले के विरोध में व्यापार मंडल डटकर विरोध करता हुआ सड़कों पर उतरेगा। उन्होंने कहा था कि सरकार के प्रतिनिधियों द्वारा प्रदेश में जगह-जगह सम्मेलन करके भारी भीड़ जुटाई जा रही है और 52 सीटर बसें व ऑटो फुल सवारी लेकर चल रहे हैं। क्या कोरोना सिर्फ व्यापारियों की दुकानों में ही फैलता है।
व्यापारी संगठनों के विरोध के चलते आखिर सरकार को अपना फैंसला बदलना पड़ा। प्रदेश संगठन सचिव सिंगला ने कहाकि राज्य सरकार ने केंद्र सरकार के फैसले के बाद सोमवार व मंगलवार को बाजार बंद रखने का फैसला वापस ले लिया है। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने ट्वीट कर कहा है कि अब केंद्र की गाइडलाइन के बाद राज्य सरकार को ऐसा करने का अधिकार नहीं है। इसलिए यह फैसला वापस लिया गया है।