तबला व कथक नृत्य विषय स्नातकोत्तर स्तर पर केवल कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में ही उपलब्ध
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के संगीत एवं नृत्य विभाग की विभागाध्यक्षा प्रोफेसर शुचिस्मिता ने विभाग में चलाए जा रहे कोर्सेज के बारे में जानकारी देते हुए कहा है कि इस समय संगीत विभाग द्वारा एमए तथा एमपीए दो प्रोग्राम मे चलाये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि एमए संगीत एक पारंपरिक द्विवर्षीय (को-एजुकेशनल) प्रोग्राम है जिसमें गायन तथा वादन विषयों के पाठ्यक्रम है तथा एमपीए (मास्टर इन परफार्मिंग आर्ट्स) एक पंचवर्षीय प्रोग्राम है जिसमें गायन, सितार, तबला तथा कथक जैसे विषयों में विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। हरियाणा में एमपीए (मास्टर इन परफार्मिंग आर्ट्स) पिछले 12 वर्षों से सफलतापूर्वक चलाया जा रहा अपनी तरह का अकेला प्रोग्राम है जिसमें गायन तथा वादन के साथ-साथ तबला और कथक नृत्य जैसे विषयों को ऑफर किया जा रहा है।
तबला व कथक नृत्य विषय स्नातकोत्तर स्तर पर केवल कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में ही उपलब्ध हैं। विभागाध्यक्षा प्रो. शुचिस्मिता ने बताया कि इस प्रोग्राम में स्टूडियो रिकॉर्डिंग जैसे तकनीकी विषय जो कि बहुत महंगे वोकेशनल कोर्सेज हैं उन्हें बजटेड कोर्सेज के अंतर्गत नियमित पाठ्यक्रम के अंतर्गत स्नातकोत्तर स्तर पर पढ़ाया जा रहा है। विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह प्रोग्राम एक रोज़गारपरक प्रोग्राम है तथा संगीत एवं नृत्य विभाग के विभिन्न विद्यार्थी संगीत के क्षेत्र में प्रोफेशनल तथा विभिन्न सरकारी संस्थाओं में शिक्षण व प्रशासनिक क्षेत्रों में भी कार्य कर रहे है।
उन्होंने बताया कि कुवि के संगीत विभाग में एमए 36 सीटें (18 गायन, 18 वादन), एमपीए 40 सीट (गायन, वादन, तबला तथा कथक नृत्य प्रत्येक विषय में 10-10 सीट) निर्धारित है। एमपीए कोर्स 12 वर्षों से एमपीए रोजगारपरक प्रोग्राम है जो कि विद्यार्थियों को पारंपरिक के साथ साथ म्यूजिक इंडस्ट्री में विभिन्न क्षेत्रों में प्रोफेशनली कार्य करने के लिए तैयार करता है। विभाग में पंचवर्षीय प्रोग्राम जिसमें स्नातक के साथ-साथ स्नातकोत्तर की पढ़ाई उपलब्ध है। वैश्विक मानकों के अनुरूप सीबीसीएस पर आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के संगीत एवं नृत्य विभाग में उन्नत उपकरणों से युक्त रिकॉर्डिंग स्टूडियो मौजूद है तथा विभाग के सभी शिक्षक अनुभवी है जिसका लाभ विद्यार्थियों को मिलता है।
कुवि के लोक सम्पर्क विभाग के उप-निदेशक डॉ. दीपक राय बब्बर ने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के निर्देशानुसार संगीत एवं नृत्य विभाग के पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन दाखिले की प्रक्रिया 17 से शुरू हो रही है तथा विद्यार्थी 17 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के निर्देशानुसार विद्यार्थियों की दाखिला सम्बंधी जानकारी के लिए ऑनलाइन हेल्पडेस्क भी गठित किया गया है। डॉक्टर दीपक राय बब्बर ने ये भी बताया की संबंधित विषयों के पीएचडी दाखिले भी 17 अगस्त से शुरू हो रहे है। ऑनलाईन एडमिशन से सम्बन्धित जानकारी के लिए विद्यार्थी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की वेबसाईट से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।