न्यूज डेक्स संवाददाता
अंबाला। अंबाला छावनी कंटोनमेंट बोर्ड के बंगला मालिकों पर 44 लाख हाउस टैक्स बकाया है। इस बकाया राशि को बोर्ड द्वारा एलईडी स्क्रीन पर चलाया जा रहा है। यहां स्क्रीन पर डिफॉल्टरो के नाम हैं। काबिलेगौर है कि हाउस टैक्स जमा ना कराने में अंबाला कैंट क्षेत्र के बड़े बंगलों के कब्जा धारी भी पीछे नहीं है। यहां के कुल 80 बंगलों के मालिक ने अब तक कंटोनमेंट बोर्ड का 44 लाख से ज्यादा हाउस टैक्स जमा नहीं करवाया है। बोर्ड द्वारा पूर्व में ऐसे मालिकों को नोटिस जारी किए गए थे। अब 1 सितंबर से डिपाजिट अमाउंट पर 1% ब्याज भी जोड़ा जाएगा इसका नोटिस बोर्ड ने जारी कर दिया है ।
कंटोनमेंट बोर्ड अंबाला के टैक्स सुप्रीडेंट नरेश शर्मा ने बताया कि कंटोनमेंट बोर्ड के 80 के लगभग प्रॉपर्टी मालिकों द्वारा 44 लाख रुपए हाउस टैक्स बकाया है। इन बंगला के मालिकों को नोटिस दे दिए गए हैं, लेकिन अभी तक ज्यादातर लोगों ने हाउस टैक्स जमा नहीं कराया है। अभी कंटोनमेंट बोर्ड में लगी एलईडी स्क्रीन पर डिफॉल्टर के नाम और कितना पैसा बकाया है,इसे चलाया जा रहा है। अगर 1 सितंबर तक इन लोगों ने हाउस टैक्स जमा नहीं कराया तो 1% ब्याज भी इनसे वसूला जाएगा और उसके बाद भी यह मालिक हाउस टैक्स जमा नहीं कराते तो कोर्ट की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।