ग्राहक बनकर आए लुटेरे ने किरयाणा की दुकान से जबरदस्ती गल्ले से निकाली हजारों की लूटी नकदी
112 नंबर गाडिय़ों की गश्त बढ़ाने के बावजूद भी भरे बाजार लूट होना पुलिसियां कार्यशैली पर उठा रहा है सवाल
पूरी घटना सीसीटीवी में कैद, व्यापारी वर्ग में पनपा रोष
न्यूज डेक्स संवाददाता
सफीदों। सफीदों में लूट की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी कड़ी में लगातार दूसरे दिन भी 2 लुटेरों द्वारा शुक्रवार देर सांय को किरयाणा की दुकान से हजारों की नकदी लूट ली गई। घटना भीड़ भरे बाजार रेलवे रोड पर सब्जी मंडी के ठीक सामने की है। जहां एक लुटेरा सर्फ का पैकेट लेने के बहाने दुकान में प्रवेश करता है और जबरदस्ती से दुकानदार व उसकी माता से झड़प करके गल्ले से हजारों रूपए की नकदी निकालकर अपने दूसरे साथ के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गया। इस दौरान दुकान पर लगे कर्मचारी की भी लुटेरों के साथ झड़प हुई लेकिन वे पिस्टल दिखाकर भरे बाजार भ्भागने में सफल रहे। घटना की सूचना पाकर आईपीसी नीतिश अग्रवाल, सीआईए प्रभारी अब्बास खान व सिटी थाना प्रभारी महेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। मिली जानकारी के अनुसार सांय 6:50 पर सब्जी मंडी के आसपास पूरी चहल-पहल व भीड़भाड़ थी।
इसी दौरान दो युवक मोटरसाइकिल पर आकर रूके। जिनमें से एक युवक वहां रामभगत किरयाणा की दुकान पर पहुंचा। दुकान पर दुकानदार अनिल कुमार, उसकी मां सोना देवी व कर्मचारी कुलदीप मौजूद थे। उस युवक ने दुकानदार अनिल से सर्फ का पैकेट मांगा। दुकानदार ने कर्मचारी कुलदीप को सर्फ का पैकेट लाने को कहा। इसी बीच उस युवक ने दुकानदार को एक नोट थमाने का नाटक किया। जैसे ही दुकानदार ने नोट पकडऩे की कोशिश की वैसे ही लुटेरे ने गल्ले में हाथ डाल दिया। दुकानदार अनिल व उसकी मां सोना देवी ने लूटेरे के साथ काफी संघर्ष किया लेकिन धक्कामुक्की करके लूटेरा गल्ले से नकदी निकालने में कामयाब हो गया। जैसे ही लुटेरा भागने लगा तो उसके पीछे-पीछे दुकान का कर्मचारी कुलदीप भी भाग लिया।
कुलदीप ने लुटेरे युवक को सब्जी मंडी के पास काबू कर लिया और दोनों कुछ देर तक गुत्तथम-गुत्था चलती रही लेकिन वहां पर मोटरसाइकिल पर मौजूद दूसरे युवक ने लुटेरे को कुलदीप को गोली मारने के लिए कहा। जिस पर लुटेरे ने अपनी पिस्टल निकाल ली। पिस्टल को देखकर कुलदीप सहम गया और उसने जान की हिफाजत के लिए लूटेरे को छोड़ दिया। दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पुरानी अनाज मंडी की तरफ भाग गए। अचानक हुई इस घटना पूरा बाजार हक्का-बक्का रह गया। मौके पर काफी तादाद में बाजार के लोग व राहगीर जमा हो गए। घटना की सूचना सूचना पाकर डायल 112 की गाड़ी मौके पर पहुंची और उन्होंने इसकी जानकारी अपने आलाधिकारियों को दी। कुछ ही देर में आईपीएस नीतीश अग्रवाल, सीआईए प्रभारी अब्बास खान व सिटी थाना प्रभारी कृष्ण कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकान व आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और आवश्यक जानकारी जुटाई। सीसीटीवी फुटेज में सारा घटनाक्रम साफ-साफ दिखाई दे रहा है।
इस मामले में आईपीएस नीतीश अग्रवाल का कहना है कि लूट की वारदात सामने आने पर मौके का मुआयना किया गया और सीसीटीवी फूटेज खंगाली गई है। पुलिस की कई टीमें इस वारदात को लेकर लगी हुई है तथा जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। अगर बात की जाए तो वीरवार को हुई वारदात की तरह से शुक्रवार देर सांय को भी उसी प्रकार की लूट की वारदात हुई है। आरोपी भी संदेह के घेरे में है। देखने से लग रहा है कि वही आरोपी है, जिसने उसी समय और उसी प्र्रकार वारदात को अंजाम दिया। वह पहले ही दुकान की रेकी लगाए हुए था और देख रहा था कि दुकानदार कितने पैसे एकत्रित कर रहा है। जैसे ही दुकानदार रकम एकत्रित करके गल्ले में रखता है तो लुटेरा ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचता है और जबरदस्ती से गल्ले से पैसे निकालकर मौके से फरार हो गया। कल जो पतंजलि स्वदेशी केंद्र पर वारदात हुई थी, यह वारदात भी उसी प्रकार से अंजाम दी गई है। वारदात का घटनाक्रम व समय भी उसी प्रकार से है। भरे बाजार दूसरे दिन भी लूट की वारदात होना कहीं ना कहीं पुलिसिया कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़ा करता है? हालांकि मौजूदा सरकार द्वारा हर थाने में 112 नंबर की 2-2 गाडिय़ां मुस्तैद कराई गई है, लेकिन इसके बावजूद भी लुटेरों के हौसले इतने बुलंद है कि वह एक व्यस्त्तम सड़क पर भरे बाजार लूट की वारदात को अंजाम देकर भागने में सफल हो जाते हैं।