सांसद नायब सिंह सैनी व विधायक सुभाष सुधा ने किया सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण
वैक्सीनेशन करवा रहे लोगों से की बातचीत, कोरोना की सम्भावित तीसरी लहर को रोकने के लिए आमजन का सहयोग जरुरी
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। वैश्विक महामारी कोरोना कोरोना की सम्भावित तीसरी लहर को आने से रोकने के लिए नागरिक ही सबसे बड़ा योगदान दे सकते है। जब प्रत्येक नागरिक नियमों की पालना करेगा तो निश्चित ही कुरुक्षेत्र जिला को कोरोना की सम्भावित तीसरी लहर की चपेट में आने से बचाया जा सकेगा। कोरोना का प्रकोप भले ही कम हो गया है, लेकिन अभी पूरी एहतियात बरतने की जरुरत है। इसके लिए सभी को कोविड गाईडलाईंस की पालना करनी होगी और स्वयं के साथ-साथ ओरों को भी जागरुक करते रहना होगा। रविवार को सांसद नायब सिंह सैनी व विधायक सुभाष सुधा ने सैक्टर-4 पॉली क्लीनिक के वैक्सीनेशन सेंटर का औचक निरीक्षण किया और वहां पर वैक्सीनेशन करवाने आए लोगों से बातचीत की है।
सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए टीकाकरण करवाना बेहद आवश्यक है। वैक्सीनेशन करवाकर कोरोना संक्रमण के फैलाव से काफी हद तक बचा जा सकता है। कोरोना वायरस से बचाव के लिए वैक्सीनेशन करवाना बहुत जरुरी है ताकि शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाया जा सके। जिलावासियों ने कोविड-19 की दूसरी लहर देखी है, इसलिए ऐसी स्थिति फिर से ना आए और कोरोना की सम्भावित तीसरी लहर को आने से रोका जा सके, 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को अपना वैक्सीनेशन जरुर करवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन करवाने के लिए अब पंजीकरण करवाने की जरुरत नहीं है, साथ में अपना आधार कार्ड ले जाएं और वैक्सीन की उपलब्धता के आधार पर मौके पर ही वैक्सीनेशन करवा सकते है।
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि कोरोना महामारी का प्रकोप भले ही कुरुक्षेत्र में कम हो गया है, लेकिन यह बीमारी अभी भी खत्म नहीं हुई है। इसलिए अभी भी सभी को पूरी एहतियात बरतनी होगी और कोविड गाईडलाईंस की पालना करते रहना होगा। यह कठिन समय है, इस समय में घबराने की बजाए धैर्य के साथ काम करने की जरुरत है। कोरोना की सम्भावित तीसरी लहर से बचने के लिए सभी को वैक्सीनेशन करवाने के लिए आगे आना होगा ताकि वैक्सीनेशन के बाद कोरोना के प्रभाव को कम किया जा सके। उन्होंने आमजन से अपील की है कि कोविड गाईडलाईंस की पालना करे, जरुरी कार्य के लिए ही घर से बाहर निकले, सामाजिक दूरी व मास्क पहनकर ही बाहर जाए।