न्यूज डेक्स संवाददाता
जींद।सफीदों के विधायक सुभाष गांगोली के नेतृत्व में जिला कांग्रेस ने वीरवार को किसानों पर करनाल में हुए लाठीचार्ज के विरोध में लघु सचिवालय पर प्रदर्शन किया व उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।इस दौरान विधायक सुभाष गांगोली ने कहा कि पिछले 9 महीने से भी ज्यादा का समय बीत गया है किसान संगठन किसान साथियों के साथ मिलकर तीन काले कृषि कानून का विरोध कर रहें है और केंद्र सरकार व राज्य सरकार किसानों की बात ना सुनकर उन पर लाठीचार्ज करके उनकी हत्या करने की कोशिश कर रही है। इससे गंभीर अपराध क्या होगा कि हमारे अन्नदाता को लाठी-डंडों से मारा जा रहा है।
विधायक सुभाष गांगोली ने कहा कि 28 अगस्त को जो किसानों पर लाठीचार्ज हुआ उसकी शुरुआत 10 सितम्बर 2020 को पिपली से शुरू हुई थी, उसके बाद करनाल, जींद, पलवल, रेवाड़ी, रोहतक, हिसार, सिरसा और प्रदेश के हर कोने में ये सिलसिला जारी है। 28 अगस्त को करनाल में शांतिपूर्वक तरीके से विरोध कर रहे किसानों पर किया गया लाठीचार्ज पहले से ही सुनियोजित था जिसका सबूत खुद ड्यूटी मैजिस्ट्रेट का खड़े होकर ये कहना कि “किसानों के सर फोड़ देना” है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ये लोकतंत्र में अच्छी मिसाल कायम करता है? कृषि विरोधी काले कानूनों के खिलाफ नौ महीने से आंदोलनरत किसानों की बात सुनना तो दूर, किसानों की आवाज को पुलिस का सहारा लेकर दबाया जा रहा है।
भाजपा-जजपा सरकार द्वारा किसानों की आवाज को दबाने के लिए उन पर बार-बार बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज करवाया जा रहा है। उसके साथ उन्होंने भूमि अधिग्रहण संशोधन विधेयक का विरोध किया और उन्होंने कहा कि इस संशोधन विधेयक से भाजपा-जजपा सरकार किसानों की जमीने हडपने का काम किया जायेगा। हमारा किसान पहले ही भाजपा सरकार के तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ लडाई लड़ रहा है। यह भूमि अधिग्रहण विधेयक लागू होने से हमारे किसान का अस्तित्व ही समाप्त हो जायेगा।विधायक सुभाष गांगोली ने कहा कि सरकार तुरंत प्रभाव से किसानों पर हुए लाठीचार्ज की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराएं व दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दे नहीं तो उन्होंने मजबूरन आम जनमानस को साथ लेकर सड़कों पर उतर कर बड़ा आंदोलन करने का काम करना होगा।
इस प्रदर्शन के दौरान जिला कोऑर्डिनेटर सुरेंद्र श्योकन्द , बलराम कटवाल, जुलाना से पूर्व विधायक परमेंद्र ढुल, राजू लखीना, संदीप सांगवान, पार्षद दिनेश मिन्नी, धर्मेंद्र ढुल, प्रमोद सहवाग, धर्मपाल प्रधान, ऋषिपाल सिहाग, रणदीप सहारन, रोहित दलाल जुलाना, महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति ग्रोवर, प्रो. रमेश सैनी, पार्षद नरेश सैनी कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला प्रधान कमल चौहान, ज्ञान सिंह राणा, दिनेश ढिल्लो, दिनेश जामनी, अंग्रेज सरपंच रणबीर, इकबाल सरपंच, गुरपेज सरपंच, विक्रम कुंडू आदि जिला कांग्रेस के गणमान्य नेता मौजूद रहे।