न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र।हरियाणा सरकार ने राज्य सैनिक बोर्ड द्वारा संचालित राज्य के सैनिक परिवार भवनों में सेवारत सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों, अर्द्धसैनिक बलों के आश्रितों के लिए चलाए जा रहे एक वर्षीय अंग्रेजी व हिंदी स्टेनोग्राफर कोर्सिज में अब जनहित में निर्णय लेते हुए इन पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए हरियाणा के सभी वर्गों के युवाओं को पात्र घोषित किया गया है। ये कोर्स एनसीवीटी से मान्यता प्राप्त है।
सैनिक परिवार भवन द्वारा चलाए जा रहे ये पाठ्यक्रम सैनिकों और अर्द्ध सैनिक बलों में सेवारत जवानों व भूतपूर्व सैनिकों के बच्चों को रोजगारपरक बनाने के लिए शुरू किए गए थे। इन कोर्सिज के आवेदन के लिए आयु 14 वर्ष से अधिक होनी चाहिए तथा शैक्षणिक योग्यता कम से कम दसवीं कक्षा पास हो। इच्छुक युवाओं को प्रवेश के लिए 16 से 30 सितंबर 2021 तक आईटीआई की वेबसाईट आईटीआईहरियाणाएडमिशन.एनआईसी.ईन पर पंजीकरण करना होगा। अधिक जानकारी के लिए 9813088693, 9466825021 व 9416529399 पर संपर्क कर सकते है।