अब राखसी नदी में गिरने वाले गंदे पानी को स्वच्छ बनाकर डालने की योजना:धुम्मन
किसानों से की बातचीत, पंचायतों से फाइव पौंड सिस्टम बनाने की अपील
बोर्ड की तरफ से भी राखशी नदी में अतिरिक्त पानी छोडऩे पर होगा विचार
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुम्मन सिंह किरमच ने कहा कि लाडवा क्षेत्र से निकलने वाली राखसी नदी में गांवों के गंदे पानी को रोकने का प्रयास किया जाएगा। इस नदी में फाइव पौंड सिस्टम से पानी को स्वच्छ बनाने के बाद पानी को छोडऩे की योजना पर विचार किया जा रहा है। इसलिए रादौर से लाडवा क्षेत्र में राखसी नदी के किनारे स्थित पंचायतों से अपील की गई है कि फाइव पौंड सिस्टम को तैयार किया जाए। उपाध्यक्ष धुम्मन सिंह किरमच रविवार को लाडवा में राखसी नदी का अवलोकन करने के बाद अधिकारियों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले बोर्ड के उपाध्यक्ष धुम्मन सिंह किरमच, मंडल अध्यक्ष ओमबीर लालर, प्रदीप सहगल, अनिल गुप्ता, गुरुदेव शर्मा, प्रकाश शर्मा, राजू ने राखसी नदी का निरीक्षण किया और किसानों से बातचीत की है।
उपाध्यक्ष ने कहा कि राखसी नदी में अभी गंदे पानी की निकासी की जा रही है। इससे आसपास का वातावरण दुषित हो रहा है और राखसी नदी की सुदंरता भी समाप्त हो रही है। इसलिए राखसी नदी के किनारे स्थित पंचायतों से अपील की गई है कि सभी पंचायतें फाइव पौंड सिस्टम को तैयार करें और इसके बाद पानी को राखसी नदी में छोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि जब पानी को साफ करके डाला जाएगा तो इस पानी से खेती भी की जा सकेंगी और भू-जल में सुधार लाया जा सकेगा। इस समय लाडवा खंड के भूजल स्तर की स्थिति काफी खराब है। इसलिए इस विषय पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। इस योजना में बोर्ड की तरफ से भी हर संभव मदद की जाएगी। सभी के प्रयासों से लाडवा की राखसी नदी की सुदंरता को लौटाया जा सकता है और लाडवा के भूजल की स्थिति में सुधार लाया जा सकता है। उपाध्यक्ष ने कहा कि बोर्ड की तरफ से भी राखसी नदी में अतिरिक्त पानी छोडऩे पर विचार किया जाएगा। इस योजना के लिए गांवों के लोगों को आगे आकर काम करने की जरूरत होगी।