प्राइवेट ब्लड बैंक द्वारा लगाए जाने वाले रक्तदान शिविर की रेडक्रास को देनी होगी जानकारी
अंबाला में 15 को आयोजित होगा वालंटियर का राज्य स्तरीय कार्यक्रम
रेडक्रास राज्य महासचिव ने अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में किया रक्तदान शिविर का शुभारंभ
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। रेडकास सोसायटी हरियाणा राज्य के महासचिव डीआर शर्मा ने कहा कि रेडक्रास सोसायटी रक्त की आपूर्ति के लिए हर समय तत्पर रहती है। नियमित रूप से रेडक्रास की ओर से रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाता है। अब हरियाणा में प्राइवेट ब्लड बैंक को अपने स्तर पर लगाए जाने वाले रक्तदान शिविरों की जानकारी रेडक्रास सोसायटी को मुहैया करवानी होगी। इसके साथ ही रेडक्रास की ओर से आपात स्थिति में रक्त मुहैया करवाने के लिए जिला स्तर पर रक्तवीरों की डायरेक्टरी तैयार की जाएगी, ताकि हर जरूरतमंद को तुरंत रक्त मिल सके। वहीं रेडक्रास वालंटियरों की संख्या को बढ़ाने के लिए जल्द ही मुहिम शुरू की जाएगी। वे गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में ब्रह्मसरोवर पर 18 दिवसीय रक्तदान शिविर का शुभारंभ करने के दौरान रक्तदाताओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने रक्तदाताओं को बैज लगाकर सम्मानित किया और प्रशंसा-पत्र देकर रक्तदाताओं को हौसला भी बढ़ावा। रेडक्रास सचिव रणदीप सिंह ने बताया कि पिछले तीन-चार सालों से रेडक्रास की ओर से गीता महोत्सव के अवसर पर रक्तदान कैंप लगाए जा रहे है। राज्य महासचिव ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में प्राइवेट ब्लड बैंक भी है, जो अपने स्तर पर रक्तदान शिविर लगाते हैं। अब प्राइवेट ब्लड बैंक की ओर से जो भी कैंप लगाए जाएंगे, उनकी सूचना सिविल अस्पताल और रेडक्रास को देनी होगी, ताकि जितना यूनिट रक्त एकत्रित हुआ है, उसकी पूरी गणना हो सके। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर रक्तदान शिविर का आयोजन रक्तदाताओं को नई प्रेरणा देता है। सामाजिक संस्थाएं जिस तरह से रक्तदान को लेकर सहयोग कर रही हैं वह काफिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि हरियाणा रेडक्रॉस ने टीबी के ड्रापआउट मरीजों के लिए एक अहम कदम उठाया है।
ड्रापआउट मरीजों को चिह्नित कर लिया गया है। जल्द ही उन्हें रेडक्रास वालंटियर घर-घर दवाइयां पहुंचाने का काम करेंगे। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय का विजन है कि रेडक्रास सोसायटी समाज सेवा के क्षेत्र में एक माडल बनें, जिससे आमजन भी जुडक़र लोगों की सेवा करे। इसी सिलसिले में 15 दिसंबर को अंबाला में रेडक्रास वालंटियरों को प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। वहीं 6 दिसंबर को राज्यपाल मेवात रेडक्रास का दौरा करेंगे। इससे पहले पानीपत व गुरुग्राम रेडक्रास सोसायटी का दौरा कर चुके हैं, यहां पर बेहतर व्यवस्था को लेकर राज्यपाल ने सराहना भी की है। इस अवसर पर जिला रेडक्रास सचिव रणदीप सिंह, सहायक सचिव रमेश कुमार, ओमप्रकाश, हिम्मत सिंह बूरा, अंजू व विनोद पाल झांसा सहित अन्य वालंटियर मौजूद थे।