न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल प्रांगण में युवा एवं कार्यक्रम व खेल मंत्रालय भारत सरकार की खेलो इंडिया स्कीम के तहत बनने वाले सिंथैटिक हाॅकी एस्ट्रोटर्फ का शिलान्यास 28 दिसम्बर को प्रातः 10.30 बजे हरियाणा के खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री संदीप सिंह (अर्जुन अर्वाडी) के कर कमलों द्वारा, सांसद नायब सिंह सैनी, कुरुक्षेत्र के विधायक सुभाष सुधा एवं कुवि कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा व कुलसचिव डा. संजीव शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में होगा। कुवि कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में हाकी एस्ट्रोटर्फ बनने से अन्तर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार होंगे। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय खेल के क्षेत्र में हमेशा अग्रणी रहा है।
उन्होंने बताया कि टोक्यों ओलम्पिक में भी यूनिवर्सिटी के एल्युमनी सुरेन्द्र पालड सहित 5 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया था। यह विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। कुलपति ने बताया कि हाॅकी एस्ट्रोटर्फ मैदान 5.5 करोड़ की लागत से तैयार होगा तथा इसमें फ्लड लाइट का विशेष प्रावधान किया जाएगा। कार्यवाहक खेल निदेशक राजेश सोबती ने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का उद्देश्य खिलाड़ियों को सर्वोत्तम सुविधाएं उपलब्ध करवाना है ताकि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खिलाड़ी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।