ब्रह्मसरोवर व सलारपुर रोड की निर्माण सामग्री की जांच के दिए आदेश, सडक़ों को दोबारा बनाने के दिए आदेश
स्थानीय लोगों से लेना होगा गुणवता से संबधित प्रमाण पत्र, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भुगतान रोकने के आदेश
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि लोक निर्माण विभाग की तरफ से ब्रह्मसरोवर के चारों व सलारपुर रोड पर सडक़ों का निर्माण किया गया। इन सडक़ों की करीब दो माह बाद हालत खस्ता होनी शुरु हो गई है। इन सडक़ों के निर्माण में अच्छी सामग्री का प्रयोग नहीं किया गया जिसके चलते ही सडक़ें टूटनी शुरु हो गई है। इस लिए इन सडक़ों की निर्माण सामग्री की जांच करने के आदेश दिए गए है। इन तमाम लापरवाहियों को लेकर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई गई है। इतना ही नहीं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को ठेकेदारों के भुगतान को भी जांच रिपोर्ट आने तक रोकने के आदेश दिए गए है।
विधायक सुभाष सुधा ने शुक्रवार को बातचीत करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव से पहले मुखयमंत्री मनोहर लाल से बातचीत करके ब्रह्मसरोवर के चारों तरफ व सलारपुर रोड का निर्माण कार्य करने की अपील की थी। इसके बाद खासे प्रयास करने के बाद सडक़ों का निर्माण कार्य शुरु करने की अनुमति मिली। इसके लिए बकाया करीब 5 करोड़ रुपए का बजट भी लोक निर्माण विभाग को जारी किया गया। इसके बाद सडक़ों का निर्माण कार्य शुरु किया गया।
उन्होंने कहा कि लंबे प्रयास करने के बाद सडक़ों का निर्माण किया गया इससे लोगों को राहत मिली। लेकिन करीब दो माह बाद ही सडक़ों का टूटना शुरु हो गया और लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज करवानी शुरु कर दी। इन शिकायतों के बाद जब मौके का निरीक्षण करवाया गया तो लोगों की बात सही साबित हुई और सलारपुर रोड और ब्रहमसरोवर के चारों भी कई जगहों पर सडक़ों की हालत खस्ता नजर आनी शुरु हो गई है। उन्होंने कहा कि इस लापरवाही को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की कलास ली गई है।
सभी अधिकारियों को आदेश दिए गए है कि सडक़ों का निरीक्षण किया जाए और इन सडक़ों के निर्माण की गुणवता को चैक किया जाए। इन सडक़ों का निरीक्षण करने के बाद रिपोर्ट सौंपी जाए और अगर निर्माण साम्रगी में कोताही बरती गई है तो दोषी के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। अगर ठेकेदार की कमी पाई जाती है तो उसके भुगतान को रोका जाए। उन्होंने कहा कि संबधित ठेकेदार से सडक़ों का निर्माण कार्य दौबारा करवाया जाए या सडकों को दुरस्त करवाया जाए। जब सडक़ें ठीक हो जाएगी तो स्थानीय लोगों से प्रमाण पत्र लेना होगा कि सडक़ों में निर्माण साम्रगी का सही प्रयोग किया गया है।
उन्होंने कहा कि काफी प्रयासों के बाद सडक़ों का निर्माण कार्य करवाया जाता है और इन प्रयासों के बाद अगर सडक़ों में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जाए तो सहनीय नहीं होता है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त आदेश दिए कि भविष्य सडक़ निर्माण कार्यो में उच्च स्तरीय सामग्री का प्रयोग किया जाए। अगर किसी स्तर पर कोई कमी पाई गई तो दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने में देर नहीं लगाई जाएगी।