न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। सीबीएसई द्वारा आज दसवीं का फर्स्ट टर्म का रिजल्ट घोषित किया गया है जिसमें गुरुकुल कुरुक्षेत्र के छात्रों ने शानदार सफलता प्राप्त की है। गुरुकुल के छात्र ऋषभराज और देव्यांश ने गुरुकुल के उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों की परम्परा को आगे बढ़ाते हुए दसवीं की फर्स्ट टर्म में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर देश-प्रदेश में गुरुकुल का नाम रोशन किया है। गुरुकुल के प्रधान कुलवन्त सिंह सैनी, निदेशक व प्राचार्य कर्नल अरुण दत्ता, सह प्राचार्य शमशेर सिंह, मुख्य संरक्षक संजीव आर्य सहित समस्त अध्यापकों ने शानदार परीक्षा परिणाम पर सभी छात्रों को बधाई दी और लड्डू खिलाकर उत्साह के इन पलों को और यादगार बना दिया। गुरुकुल के संरक्षक एवं गुजरात प्रान्त के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने भी गुरुकुल प्रबंधक समिति, अध्यापकवृन्द, संरक्षकमण्डल एवं सभी छात्रों को उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी और छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
निदेशक व प्राचार्य कर्नल अरुण दत्ता ने बताया कि गुरुकुल कुरुक्षेत्र शिक्षा जगत् में एक ब्रांड बनकर उभरा है। यहां के शानदार परीक्षा परिणाम अपने आप में गुरुकुल के उज्ज्वल भविष्य के साक्षी बनकर छात्रों के लिए प्रेरणा का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षो की भांति इस वर्ष भी गुरुकुल के सभी 229 छात्र मेरिट से पास हुए हैं। दसवीं की फर्स्ट टर्म में गुरुकुल क 67 बच्चों ने 95 प्रतिशत से अधिक तथा 156 बच्चों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर सफलता के नये आयाम स्थापित किये हैं। उन्होंने कहा कि यह सफलता कोई एक दिन में हासिल नहीं हुई इसके पीछे छात्रों का कठिन परिश्रम, अध्यापकों का समर्पण भाव और गुरुकुल मैनेजमेंट का विशाल हृदय से छात्रों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि राज्यपाल जैसी बड़ी जिम्मेदारी होने के बावजूद आचार्य देवव्रत जी निरन्तर गुरुकुल की गतिविधियों से जुड़े रहते हैं, छात्रों को दी जा रही सुविधाओं के साथ नई-नई तकनीक गुरुकुल परिसर में उपलब्ध हो, ऐसा राज्यपाल आचार्य देव्रवत जी का हमेशा प्रयास रहा है जिसका परिणाम है कि आज पिछले चार वर्षो से गुरुकुल कुरुक्षेत्र लगातार हरियाणा का नंबर वन विद्यालय है। उन्होंने सभी छात्रों को शानदार परीक्षा परिणाम के लिए बधाई दी। गुरुकुल के प्रधान कुलवन्त सिंह सैनी ने भी छात्रों की सफलता पर समस्त गुरुकुल परिवार को बधाई दी। सैनी ने कहा कि विद्यार्थी को कभी संतुष्ट नहीं होना चाहिए, उसे निरन्तर और अधिक मेहनत करनी चाहिए जिससे आगे आने वाली परीक्षाओं में भी दूसरों से बेहतर कर सके। उन्होंने कहा कि गुरुकुल में निर्धारित पाठ्यक्रम के अलावा भी छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाती है जिससे यहां के छात्र दूसरे छात्रों से एक कदम आगे रहते हैं और जब परीक्षा परिणाम आते हैं तो हर किसी की जुबां पर बस गुरुकुल का ही नाम होता है।