न्यूज़ डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विधि विभाग में आयोजित सात दिवसीय कार्यशाला में मंगलवार को उपभोक्ता फोरम के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ अधिवक्ता दीनानाथ अरोड़ा बतौर मुख्य वक्ता उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को उपभोक्ता के अधिकारों के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने कार्यशाला में उपभोक्ता एक्ट के विभिन्न प्रावधानों व उनका उपयोग करने के बारे में चर्चा की। इस अवसर पर विधि विभाग के डीन एवं विभागाध्यक्ष प्रो. अमित लुदरी ने मुख्यातिथि का स्वागत एवं परिचय करवाया। कार्यक्रम में प्रो. दलीप कुमार ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के उपभोक्ता के विभिन्न प्रावधानों के बारे में जानकारी होनी चाहिए। कार्यशाला के अंत में प्रो. प्रीति जैन ने मुख्यातिथि का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर प्रो. सीआर जिलोवा, डॉ. सुशीला चौहान, डॉ. अजीत चहल, डॉ. महावीर सिंह, डॉ. प्रोमिला, डॉ. सुनील भारती, डॉ. सुरेन्द्र कल्याण, डॉ. उर्मिला, डॉ. प्रीति भारद्वाज व बबीता सहित विद्यार्थी मौजूद थे।
कुवि के यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट की छात्रा सृष्टि शर्मा सर्वश्रेष्ठ समन्वयक युवा घोषित
कुरुक्षेत्र, 29 मार्च। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट की एमबीए की छात्रा सृष्टि शर्मा को उत्तराखंड के हरिद्वार में आयोजित राज्य स्तरीय यूथ रेडक्रॉस प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ समन्वयक युवा घोषित किया गया है।
यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट की चेयरपर्सन प्रो. निर्मला चौधरी ने बताया कि सृष्टि शर्मा ने राज्य के 19 कॉलेजों के प्रतिभागियों से कड़ी प्रतिस्पर्धा करने के बाद यह प्रतिष्ठित पुरस्कार जीता है। प्रो. निर्मला चौधरी ने सृष्टि शर्मा के प्रयासों की सराहना की और कहा कि अन्य क्षेत्रों में भी छात्रा ने अपनी नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया है।
प्रो. निर्मला ने बताया कि विभाग छात्रों में से सर्वश्रेष्ठ लाने के लिए हर संभव प्रयास करता है। विभाग के पूर्व छात्र अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में नाम और प्रसिद्धि अर्जित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि एमबीए के 2020-22 बैच के लगभग 100 छात्रों को पहले ही कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से प्लेसमेंट मिल चुका है और कई और कंपनियां छात्रों के प्लेसमेंट के लिए विभाग का दौरा करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने बताया कि विभाग छात्रों के समग्र संवारने के लिए अकादमिक संगोष्ठियों, सह-पाठयक्रम गतिविधियों, औद्योगिक यात्राओं और आंतरिक व्यक्तित्व विकास गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करते हुए एक वार्षिक कैलेंडर रखता है। सृष्टि शर्मा ने अपना पुरस्कार विभाग से प्राप्त निरंतर प्रेरणा और समर्थन के लिए समर्पित किया।
कुवि के आईटीटीआर में शिक्षा में नवाचार विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारम्भ
कुरुक्षेत्र, 29 मार्च। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के शिक्षण प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान तथा इंडियन रिसोर्स एंड डेवलपमेंट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को शिक्षा में नवाचार विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारम्भ हुआ। कार्यशाला का शुभारम्भ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर आईआरडीए के सचिव राजपाल पांचाल ने कार्यशाला के उद्देश्य एवं रूपरेखा के बारे में बताया। आईटीटीआर संस्थान की प्राचार्या डॉ. अमीषा सिंह ने प्रोफेसर अरविंद मलिक, अधिष्ठाता शिक्षा संकाय, डॉ. राजबीर सिंह, अध्यक्ष शिक्षा विभाग तथा कार्यशाला के विशेषज्ञ के रूप में रणसिंह सिंह तथा दर्शन का स्वागत किया।
कार्यशाला के प्रथम दिन विशेषज्ञों ने स्थानीय संसाधनों को प्रयोग करते हुए शिक्षण सहायक सामग्री के निर्माण करने तथा इससे शिक्षण अधिगम प्रक्रिया को प्रभावशाली बनाना सीखाया। इसके साथ ही कार्यशाला में भाग ले रहे प्रतिभागियों को शिक्षा में नवाचार से अवगत कराया गया। प्रोफेसर अरविन्द मलिक एवं डॉ. राजबीर सिंह ने कार्यशाला के प्रतिभागियों को शिक्षा में नवाचार के विभिन्न पहलुओं के विषय में अवगत कराया।
प्रोफेसर अमीषा सिंह ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारों का आत्मसात करते हुए भविष्य में इसे अध्यापन कार्य का हिस्सा बनाना होगा। इस कार्यशाला में आईटीटीआर के सभी शिक्षकों ने भाग लिया।
कुवि के विधि विभाग में एसएससी ऑनलाईन कार्यशाला आयोजित
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विधि विभाग में एसएससी ऑनलाईन कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें सैंकड़ों विद्यार्थियों व विधि विभाग के शिक्षकों ने भाग लिया।
ऑनलाईन कार्यशाला में विधि विभाग के डीन व चेयरमैन प्रो. अमित लुदरी ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि एसएससी ऑनलाईन के माध्यम से विद्यार्थीगण सरलता से सुप्रीम कोर्ट के केसों का अध्ययन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विधि विभागों के विद्यार्थियों को अवश्य ही एसएससी ऑनलाईन सुविधा का लाभ उठाना चाहिए ताकि विद्यार्थी अपने अध्ययन स्तर को और ज्यादा बढ़ा सके। ऑनर्लाइन कार्यशाला प्रो. सीआर जिलोवा, डॉ. जिलोवा चौहान, डॉ. अजीत चहल, डॉ. महावीर सिंह, डॉ. प्रोमिला, डॉ. प्रीति भारद्वाज, डॉ. सुनील भारती, डॉ. सुरेन्द्र कल्याण, डॉ. उर्मिला व बबीता ने भी भाग लिया।
डॉ. हुकम सिंह, डॉ. अवनेश वर्मा व डॉ. अर्चना मिश्रा कुवि की कार्यकारिणी परिषद के सदस्य नामित
हरियाणा के राज्यपाल एवं कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय के आदेशानुसार कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. हुकम सिंह को, गुरू जंभेश्वर यूनिवर्सिटी ऑफ साईंस एंड टेक्नोलॉजी, हिसार के कुलसचिव डॉ. अवनेश वर्मा तथा डॉक्टर बीआर अम्बेडकर नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, सोनीपत की कुलपति डॉ. अर्चना मिश्रा को आगामी दो वर्ष के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की कार्यकारिणी परिषद का सदस्य नामांकित किया गया है। यह जानकारी लोक सम्पर्क विभाग के उप-निदेशक डॉ. दीपक राय बब्बर ने दी।
कुवि के संगीत एवं नृत्य विभाग में ‘युवाओं में देशभक्ति की भावना के विकास में फिल्म संगीत की भूमिका’ विषय पर व्याख्यान आयोजित
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के संगीत एवं नृत्य विभाग व युवा एवं सांस्कृतिक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विभाग के सभागार में मंगलवार को ‘युवाओं में देशभक्ति की भावना के विकास में फिल्म संगीत की भूमिका’ विषय पर व्याख्यान एवं प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आरंभ सरस्वती की प्रतिमा का माल्यार्पण कर सरस्वती वंदना से किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में महर्षि दयानन्द विश्वविद्यालय, रोहतक के सेवानिवृत्त प्रोफेसर हुकम चंद बतौर विषय विशेषज्ञ बतौर मुख्य वक्ता उपस्थित हुए। इस अवसर पर मुख्यातिथि का स्वागत प्राच्य विद्या संकाय की अधिष्ठाता प्रोफेसर शुचिस्मिता व संगीत विभाग की विभागाध्यक्षा डॉ. आरती श्योकंद ने किया।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रोहतक से पधारे सेवानिवृत्त प्रो. हुकम चंद जी ने महफ़िल का आगाज राग किरवानी से किया। जिसमें एकताल में निबद्ध बड़ा ख्याल व छोटा ख्याल प्रस्तुत किया तत्पश्चात मूर्छनाओं के प्रयोग को बड़े ही सुंदर ढंग से सोदाहरण प्रस्तुत किया। उसके बाद भैरवी राग पर आधारित प्रसिद्ध फ़िल्म गीत जैसे ‘ऐ वतन ऐ वतन हमको तेरी कसम….कर चले हम फिदा जानो तन साथियों….ने महफ़िल में समा बांध दिया। विभाग के सभी शिक्षकों व विद्यार्थियों ने भी देशभक्ति की भावना से सराबोर कर देने वाले गीतों को मिलकर गाया व सभागार को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। संगत कलाकारों के रूप में तबले पर इलियास खान, हारमोनियम पर डॉ. तरुण जोशी, गिटार पर डॉ. रवि गौतम, सिंथेसाइजर पर आयुष ने कार्यक्रम में शानदार संगति से सभी श्रोताओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. पुरषोत्तम ने किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अशोक शर्मा ने आमंत्रित कलाकारों व सभी कला रसिकों व विद्यार्थियों का धन्यवाद किया।
