उपायुक्त मुकुल कुमार ने अधिकारियों को दिए मंडियों में सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश
गेंहू की फसल का एमएसपी 2015 रुपए प्रति क्विंटल किया निर्धारित
मंडियों में फसल खरीद को सुचारु रुप से चलाने के लिए नियुक्त किए नोडल अधिकारी
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। उपायुक्त मुकुल कुमार ने कहा कि कुरुक्षेत्र जिले में रबी खरीद सीजन 2022-23 के दौरान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीद एक अप्रैल से शुरू हो रही है। किसानों की सुविधा के लिए मंडियों में फसल लाने के लिए समय स्वयं निर्धारित करने की व्यवस्था ई-खरीद सॉफ्टवेयर में की गई है। किसानों को चाहिए कि वे ई-खरीद.हरियाणा.जीओवी.इन/सेटशैडयूल लिंक पर अपने द्वारा चुने गए समय के अनुसार ही मंडियों में अपनी फसल लेकर आएं ताकि उन्हें अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उपायुक्त मुकुल कुमार ने कहा कि जिले की विभिन्न मंडियों में आगामी 1 अप्रैल से गेहूं की खरीद का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा चना व जौ की खरीद भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाएगी। रबी खरीद सीजन के दौरान गेहूं, चना व जौ की खरीद एक अप्रैल से आरम्भ होगी, जबकि सरसों की खरीद का कार्य शुरू कर दिया गया है। सरकार के निर्णय अनुसार गेहूं की खरीद एक अप्रैल से शुरू होकर 15 मई तक चलेगी। रबी खरीद सीजन 2022-23 के दौरान प्रदेश में गेहूं, चना, जौ व सरसों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करने के लिए मंडियां व खरीद केंद्र खोले गए है। संबंधित विभागों के अधिकारी मंडियों में खरीद प्रक्रिया के लिए सभी आवश्यक प्रबंध करना सुनिश्चित करे। खरीद प्रक्रिया के दौरान मंडियां में आने वाले किसानों को कोई भी परेशानी न हो, इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा इस रबी सीजन में गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2015 रुपए प्रति क्विंटल, चने का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5230 रुपए प्रति क्विंटल, जौ का न्यूनतम समर्थन मूल्य 1635 रुपए प्रति क्विंटल और सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5050 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। गेहूं की खरीद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड, हरियाणा वेयर हाउसिंग कारपोरेशन और भारतीय खाद्य निगम द्वारा की जाएगी और जौ की खरीद भारतीय खाद्य विभाग, हैफड तथा हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन द्वारा संयुक्त रूप से की जाएगी।बाक्समंडियों में फसलों की खरीद के व्यवस्था को सुचारु रुप से चलाने के लिए नियुक्त किए नोडल अधिकारीउपायुक्त मुकुल कुमार ने कहा कि जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक कुरुक्षेत्र द्वारा मंडियों में नोडल अधिकारी लगाने की मांग की गई थी। इसी कड़ी में मंडियों में फसल खरीद को सुचारु रुप से करवाने और अन्य आवश्यक प्रबंधों को सुनिश्चित करने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए है।
एसडीएम नरेन्द्र पाल मलिक को अनाज मंडी थानेसर, बारना, अमीन व लुखी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार एसडीएम पिहोवा सोनू राम को अनाज मंडी इस्माईलाबाद, ठोल पुरानी व नई अनाज मंडी, पिहोवा नई व पुरानी अनाज मंडी, मलिकपुर, बोधनी, नीमावाला, जिला परिषद के कार्यकारी अधिकारी सतबीर सिंह कुंडू को अनाज मंडी अजराना कलां, झांसा, पिपली, एसडीएम लाडवा विनेश कुमार को अनाज मंडी लाडवा, बाबैन, एसडीएम शाहबाद कपिल शर्मा को अनाज मंडी शाहबाद, नलवी, चढुनी जाटान, हरियाणा रोडवेज कुरुक्षेत्र के महाप्रबंधक अशोक कुमार को अनाज मंडी भौर सैयदां, गुमथला गढु, थाना गुजरां, कराह साहब के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।