गत वर्ष की भांति लगभग आधा हो रहा है गेहूं का उत्पादन
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक अरोड़ा ने हरियाणा सरकार से मांग की है कि इस बार किसानों का गेहूँ का उत्पादन कम होने के कारण उन्हे 300 रूपए प्रति क्विंटल बोनस दिया जाए। उन्होने कहा कि बेमौसम की बरसात और मार्च के माह में गर्मी बढ़ जाने से गेहूँ का उत्पादन काफी कम हुआ है। जहां पिछले वर्ष एक एकड़ में लगभग 22 क्विंटल का उत्पादन हुआ था वहीं इस बार लगभग 12 क्विंटल गेहूँ का उत्पादन हो रहा है,जिससे किसानों को काफी नुकसान हो रहा है। फसलों की उत्पादन लागत बढ रही है जिससे खेती घाटे का सौदा बनकर रह गई है। यूरिया खाद डीएपी और कीटनाशक दवाईयां काफी महंगी हो गई है। इसी के साथ गेहूँ का उत्पादन कम होने से किसानों को काफी नुकसान हो रहा है। इसलिए सरकार को चाहिए कि किसानों को गेहूँ की फसल पर प्रति क्विंटल 300 रूपए बोनस दिया जाए।
पूर्व मंत्री ने भाजपा-जजपा सरकार को किसान विरोधी बताते कृषि मंत्री जेपी दलाल के उस ब्यान की कड़ी निंदा की जिसमें कृषि मंत्री दलाल ने कहा है कि गेहूँ की फसल पर कोई बोनस नही दिया जाएगा और जरूरत पड़ी तो विदेशों से गेहूँ मंगवा ली जाएगी। अरोड़ा ने कहा कि कृषि मंत्री का यह ब्यान निंदनीय है और इससे भाजपा-जजपा सरकार का किसान विरोधी चेहरा सामने आ गया है। अशोक अरोड़ा ने कहा कि महंगाई दिन-प्रतिदिन बढती जा रही है। सात साल के भाजपा के राज में तेलों की कीमतें लगभग डबल हो रही हैं। ऐसे में हर चीज महंगी हो गई है। सरकार को चाहिए कि डीजल व पैट्रोल के दामों को कम करे ताकि महंगाई पर कंट्रोल किया जा सके। सरकार आम जनता को राहत देने की बजाए उनकी जेबों पर डाका डाल रही है।