न्यूज डेक्स हरियाणा
चंडीगढ़। हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने आज नूंह में खनन माफिया द्वारा डंपर चढाकर डीएसपी की हत्या करने के मामले में कहा कि इस मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विज आज यहां नूंह में डीएसपी की हत्या के मामले में मीडिया द्वारा पूछे गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने कहा कि ‘‘मैंने उसके लिए आदेश जारी कर दिए हैं, सारे जिले की पुलिस और आसपास के जिलों की पुलिस व रिजर्व पुलिस को बुलाना पडता है तो बुलाकर इनको पकडा जाए लेकिन किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा’’। उन्होंने कहा कि किसी को भी छोडा नहीं जाएगा और सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस मौके पर पहुंच गई है और सबको राउंडअप किया जा रहा है।
विधायकों को मिली धमकी मामला, केन्द्रीय एजेंसियों का सहयोग लिया जा रहा है-विज
विधायकों को मिली धमकी के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस मामले में हमने एसटीएफ को केस दिया हुआ हैं। धमकी वाला फोन विदेश से आया है और इस मामले में केन्द्रीय एजेंसियों का भी सहयोग लिया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में एसटीएफ काफी आगे बढ चुकी है और पूरी कार्यवाही कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि इस मामले की तह तक हम अवश्य पहुंचेगेें।
डीएसपी के परिवारजनों को मिलेगें एक करोड रूपए
डीएसपी सुरेन्द्र सिंह के संबंध में पूछे सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि डीएसपी के परिवारजनों को सरकार की नीति के तहत राशि मुहैया होगी जिसके तहत जिस बैंक से पुलिस विभाग से वेतन दिया जाता हैं, 50 लाख रूपए बैंक देगा और 50 लाख रूपए सरकार देगी, कुल एक करोड राशि मिलेगी।