अब कुरुक्षेत्र सन्निहित सरोवर में लगेगा वामन द्वादशी मेला
6 व 7 सितंबर 2022 को केडीबी के सहयोग से धार्मिक संस्थाओं द्वारा किया जाएगा आयोजन
वामन द्वादशी मेले में होंगे सांस्कृतिक और खेल कूद कार्यक्रम
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। 22 अगस्त धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर 25 सालों के बाद वामन द्वादशी मेले के आयोजन की परम्परा को पिछले वर्ष फिर से शुरू किया था। इस बार भी कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड शहर की सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से 6 व 7 सितंबर को सन्निहित सरोवर के पावन तट पर वामन द्वादशी मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले की तैयारियों को लेकर केडीबी और संस्थाओं के प्रतिनिधियों के बीच एक बैठक का भी आयोजन किया जा चुका है। इस बैठक में केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा व केडीबी के सीईओ चंद्रकांत कटारिया ने संस्थाओं के प्रतिनिधियों से तैयारियों को लेकर चर्चा की है।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र का धार्मिक एवं सांस्कृतिक गौरव फिर से पूरा विश्व देखेंगा। इसके लिए कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सहयोग से सभी धार्मिक व सामाजिक संस्थाएं मिलकर सालों पुरानी परपंरा का निर्वाह करेंगी और इस धरा पर लगने वाले सभी मेलों का आयोजन फिर शुरु करने का काम किया जाएगा। इस कड़ी के तहत करीब 25 साल पहले सन्निहित सरोवर पर बंद हो चुके वामन द्वादशी मेले का आयोजन पिछले वर्ष श्री ब्रह्मïाण एवं तीर्थोंद्घार सभा व अन्य संस्थाओं के सहयोग से फिर से शुरू किया गया था। अब इस वर्ष यह आयोजन 6 व 7 सिंतबर को सन्निहित सरोवर पर किया जा रहा है।
केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने वामन द्वादशी मेला के इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला कहा कि करीब 25 वर्ष पूर्व सन्निहित सरोवर पर लगने वाला वामन द्वादशी मेला बंद हो चुका था और इस मेले का आयोजन अंबाला में चल रहा है तथा लाडवा, कुरुक्षेत्र व जगाधरी में होता रहा है। अब फिर इस पंरपंरा को फिर से जारी रखते हुए लगातार दूसरे वर्ष इस मेले का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पुराण में कुरुक्षेत्र में लगने वाले मेलों सहित अन्य धार्मिक व सांस्कृतिक पहलुओं का उल्लेख पाया जाता है। पिछले कई सालों से कुरुक्षेत्र के धार्मिक व सांस्कृतिक महत्ता वाले कार्यक्रमों को भुला दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब दोबारा कुरुक्षेत्र के मेलों सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन करने का मन बनाया गया है। इन कार्यक्रमों का आयोजन केडीबी के सहयोग से सभी संस्थाओं द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी के सुझाव पर अब 6 व 7 सितंबर 2022 को सन्निहित सरोवर पर किया जाएगा। इस मेले का बड़े स्तर पर आयोजन किया जाएगा जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, दंगल, स्टाल सहित अन्य कार्यक्रम किए जाएंगें। इस प्रकार के कार्यक्रमों से कुरुक्षेत्र का गौरव फिर से लौटेगा। इस मौके पर विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद थे।