कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में 71वीं कोर्ट की ऑनलाईन बैठक हुई सम्पन्न कुरुक्षेत्र, 28 जुलाई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में मंगलवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. नीता खन्ना की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय की कोर्ट की ऑनलाईन बैठक हुई। इस मौके पर सभी सदस्यों ने विश्वविद्यालय के वर्ष 2020-21 के लिए 460 करोड़ रूपये के बजट को एक मत से मंजूरी प्रदान की। बैठक ने राज्य सरकार द्वारा विश्वविद्यालय के लिए 85 करोड़ रूपये अनुदान प्राप्त करने के लिए कुलपति डॉ. नीता खन्ना के प्रयासों की प्रशंसा की। कोर्ट की बैठक में पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों व उनके फालोअप पर भी चर्चा की गई। बैठक में कोर्ट के सदस्यों ने विश्वविद्यालय की वार्षिक आडिट रिपोर्ट एवं विश्वविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट 2019 को भी पारित करने के साथ-साथ कई अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कोर्ट की बैठक में विश्वविद्यालय के एकेडमिक कौंसिल के 3 सदस्यों को सर्वसम्मति से भी चुना गया। कोर्ट के सदस्यों के बीच में से ही चौधरी देवी लाल यूनिवर्सिटी से अंग्रेजी विभाग की प्रो. दीप्ति धर्मानी, भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. रितु बजाज व आईआईएचएस कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अश्वनी कुश को एकेडमिक कौंसिल का सदस्य सर्वसम्मति से चुना गया । इस बैठक में विश्वविद्यालय के अधिकारी व कोर्ट के सदस्यों ने ऑनलाईन भाग लिया।