अमरजीत सिंह और गुरलाल सिंह के विरुद्ध धारा 387 व 506 के तहत मामला दर्ज
न्यूज़ डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 25 अक्तूबर
शिरोमणि अकाली दल हरियाणा स्टेट के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सिख परिवार हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष कवलजीत सिंह अजराना से फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो आरोपियों अमरजीत सिंह निवासी गांव जोगनाखेड़ा, तहसील थानेसर और गुरलाल सिंह निवासी निसिंग के विरुद्ध भादंसं की धारा 387 व 506 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस को दी शिकायत में कवलजीत सिंह अजराना ने बताया कि गांव नगांवा, तहसील नारायणगढ़ जिला अम्बाला की अपनी कुछ जमीन को बेच कर उसने गांव बारना, जिला कुरुक्षेत्र में कुछ जमीन खरीदी। खरीद से पहले जमीन के सभी कागजात की जांच करवाई, तो उस पर कोई भी विवाद/ मुकदमा नहीं था। जमीन बेचने वाली पार्टी इंग्लैंड में रहती है और इस भूमि का जब उसने ब्याना कर लिया, तो उपरोक्त अमरजीत सिंह ने उसके आफिस आकर उससे 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी। जमीन पर कोई विवाद नहीं होने के कारण अजराना नें अमरजीत सिंह को रकम देने से इन्कार कर दिया। कवलजीत सिंह के अनुसार तभी से अमरजीत सिंह अपने साथी गुरलाल सिंह व अन्य के साथ मिल कर उसे नुक्सान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है। अजराना ने बताया कि 21/9/2022 को जब वह गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी कुरुक्षेत्र में माथा टेकने के लिए गया, तो अमरजीत सिंह व गुरलाल सिंह ने अमरिन्द्र सिंह निवासी हरनौली, जिला पटियाला (पंजाब) व तजेन्द्र सिंह मक्कड़ निवासी न्यू कालोनी कुरुक्षेत्र को भी कहा कि कवलजीत सिंह अजराना से 5 लाख रुपये दिलवा दो, नहीं तो इसका अंजाम बुरा होगा। जब उन्होने कवलजीत सिंह को बताया तो उसने गुरलाल सिंह को फोन करके पूछा तो उसने भी यही कहा कि जो विवाद तुम्हारा अमरजीत सिंह से है, उससे निपटा लो, नहीं तो अंजाम बुरा होगा। कवलजीत सिंह अजराना ने पुलिस अधीक्षक कुरुक्षेत्र से प्रार्थना की कि उसकी व उसके परिवार की जानमाल की सुरक्षा की जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीआईए स्टाफ ने मामले की जांच कर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।