प्रॉपर्टी आईडी ठीक करवाने के लिए उपभोक्ता काट रहे नगरपालिका कार्यालय के चक्कर
डॉ प्रदीप गोयल/न्यूज डेक्स संवाददाता
शाहाबाद। कांग्रेस नेता विक्रमजीत सिंह ढोलके ने कहा है कि नगरपलिका प्रशासन बिना देरी करें प्रॉपर्टी आईडी में आ रही त्रुटियों को अपने स्तर पर ही शीघ्र ठीक करें नहीं तो नगर में जोरदार आंदोलन छेड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि याशी कंपनी ने पूरे प्रदेश में जो प्रॉपर्टी का सर्वे किया है उसमें भारी-भरकम खामियां और त्रुटियां पाई गई है। प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे में गलत सर्वे होने के कारण नागरिकों को ना तो ब्याज में छूट का लाभ मिल रहा है और ना ही जिसने पहले प्रॉपर्टी टैक्स ज्यादा जमा कराया है वह नए प्रॉपर्टी टैक्स के बिल में समायोजित हो रहा है। इसके अलावा जो लोग नगर पालिका कार्यालय में प्रॉपर्टी आईडी ठीक करवाने के लिए जा रहे हैं उन्हें भी उचित मार्गदर्शन नहीं मिल रहा। ऑनलाइन ऑब्जेक्शन लगाने के बावजूद कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा बल्कि कोई ना कोई कमी निकाल कर ऑब्जेक्शन को रिजेक्ट किया जा रहा है।
अनिल कुमार और हिमांशु ने बताया कि उन्होंने नई अनाज मंडी की प्रॉपर्टी पर ऑनलाइन ऑब्जेक्शन किया था जिसमें केवल नाम के स्पेलिंग को ठीक करना था और साथ ही नई अनाज मंडी में कूड़ा उठाने की कोई भी सर्विस नपा द्वारा उपलब्ध नहीं कराई जाती बल्कि वह तो मार्केट कमेटी क्षेत्र में आती है। इसलिए कूड़ा उठाने के चार्ज को कटवाने के लिए ऑब्जेक्शन दिया था। लेकिन उनके द्वारा लगाया गया ऑब्जेक्शन रिजेक्ट कर दिया गया और इसका कारण डॉक्यूमेंट पूरे ना होना बताया गया। जबकि उन्होंने अपनी दुकान की रजिस्ट्री और आईडी प्रूफ आदि लगाए हुए थे। जब संबंधित क्लर्क अजय कुमार से पूछा गया तो उसने बताया कि साइट प्लान यानी नक्शा नहीं लगाया हुआ था जबकि इस ऑब्जेक्शन में नक्शे की जरूरत ही नहीं थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि केवल नाम की स्पेलिंग चेंज करने में नक्शे का क्या काम और वही ऑब्जेक्शन के अंदर कहीं भी नक्शे को लगाने का प्रावधान भी नहीं था। ऐसे में उपभोक्ताओं को बिना बात के परेशान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वह इसी प्रॉपर्टी पर इससे पूर्व भी ऑब्जेक्शन उठा चुके हैं लेकिन उसमें भी कोई सुधार नहीं किया गया था। उन्होंने बताया कि उनका ऑब्जेक्शन रिजेक्ट होने के बाद उन्हें एसएमएस मिला कि यदि आप इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है तो अपीलेट अथॉरिटी को कंप्लेंट कर सकते हैं। लेकिन जो लिंक उस संदेश में दिया गया था वह भी नहीं खुल रहा।
इस बारे नपा प्रधान गुलशन क्वात्रा ने बताया कि याशी कंपनी ने प्रॉपर्टी सर्वे में बहुत ही त्रुटियां छोड़ी हैं जिसे ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस सर्वे से नगरपालिका की आमदनी में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी कर्मचारी द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत मिलेगी तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका प्रशासन उपभोक्ताओं के हित में दिन-रात कार्य कर रहा है और जो भी परेशानी आएगी उसे दूर किया जाएगा।