न्यूज़ डेक्स संवाददाता –
अम्बाला । हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज के प्रयासों से अम्बाला छावनी के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित पार्कों की हालत में अब पहले से और ज्यादा सुधार होगा। पार्कों के रखरखाव के लिए हर पार्क की रेजीडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन को चार रुपए प्रति स्क्वेयर मीटर प्रतिमाह के हिसाब से राशि प्रति माह प्रदान की जाएगी।
गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज ने बताया कि जो एसोसिएशन रजिस्टर्ड होगी केवल उन्हें ही यह राशि प्रदान की जाएगी ताकि पार्कों का बेहतर तरीके से रखरखाव हो सके। इस संबंध में गृह मंत्री अनिल विज ने गुरूवार को नगर परिषद अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में नगर परिषद प्रशासक दिनेश कुमार, एक्सईएन अजय पंगाल व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि अम्बाला छावनी में इस समय 24 पार्क है, इनके रखरखाव के लिए गठित केवल रजिस्टर्ड रेजीडेंशियल एसोसिएशन को ही राशि नगर परिषद की ओर से प्रदान की जाएगी।