विधायक सुभाष सुधा के आदेशानुसार फौजी कॉलोनी में लगाया विशेष शिविर,
नगर परिषद व प्रशासनिक अधिकारियों ने 90 लोगों की समस्याओं का किया समाधान
शुक्रवार तक अलग-अलग जगहों पर लगाए जाएंगे शिविर
न्यूज़ डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र । विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि प्रॉपर्टी आईडी और परिवार पहचान पत्र में अशुद्धियों को ठीक करवाने को लेकर भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अब इन समस्याओं का समाधान करने के उद्देश्य से सरकार आपके द्वार कार्यक्रम को शुरू किया गया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से शहर के अलग-अलग मोहल्लों में जाकर नगर परिषद और प्रशासन की तरफ से विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। अहम पहलू यह है कि फौजी कॉलोनी में लगाए पहले शिविर में 90 लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया।
विधायक सुभाष सुधा के आदेशानुसार फौजी कालोनी में नगर परिषद व प्रशासन के सहयोग से सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इतना ही नहीं विधायक सुभाष सुधा के प्रयासों से मंगलवार को जोगी बस्ती, बुधवार को विवेकानंद कॉलोनी, वीरवार को इंद्रा कॉलोनी और शुक्रवार को पटियाला बैंक कालोनी में भी इस प्रकार के विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। विधायक सुभाष सुधा को पिछले कई दिनों से लगातार लोग परिवार पहचान पत्र की त्रुटियों को ठीक करवाने, राशन कार्ड कटने, आयुष्मान कार्ड बनवाने के साथ-साथ प्रॉपर्टी आईडी बनवाने को लेकर आ रही है समस्याओं का समाधान करवाने को लेकर मिल रहे थे। इन लोगों की समस्या को जायज मानते हुए विधायक सुभाष सुधा ने नगर परिषद के अधिकारियों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों को शहर के अलग-अलग मोहल्लों में विशेष शिविर लगाने के आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
विधायक का कहना है कि अलग-अलग मोहल्लों में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम को शुरु किया जाए। इस कार्यक्रम के तहत अधिकारी और कर्मचारी एनडीसी, परिवार पहचान पत्र से जुड़ी प्रत्येक योजना, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, बिजली, पेयजल, गलियों आदि से संबंधित समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके। इन आदेशों के बाद फौजी कालोनी में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 90 लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया है। इस शिविर में विधायक सुभाष सुधा की तरफ से भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य साहिल सुधा ने लोगों से बातचीत की और उनकी समस्या का मौके पर समाधान करवाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में शुक्रवार तक 5 जगहों पर सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसके बाद शहर के अन्य क्षेत्रों में भी शिविर लगाने का प्रयास किया जाएगा।