न्यूज डेक्स संवाददाता
चंडीगढ़। केदारनाथ धाम में बारिश-बर्फबारी की वजह से यात्रियों की पंजीकरण प्रक्रिया को फिलहाल 30 अप्रैल तक रोक दिया गया है। वहीं सरकार ने इस संदर्भ में एडवाइजरी जारी की। यहां हेलिकॉप्टर के ब्लेड से कटकर एक अधिकारी की मौत भी हो चुकी है। मालूम हो कि उत्तराखंड की चारधाम यात्रा शनिवार को अक्षय तृतीया से शुरू हो गई। अगले 5 दिन में हिन्दू तीर्थ यात्री बद्रीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री के दर्शन करेंगे। गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट 22 अप्रैल को खुल चुके हैं। केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल को और बद्रीनाथ धाम के कपाट 27 अप्रैल को खोले जा रहे हैं।
यात्रा शुरू होते ही केदारनाथ धाम में रविवार को रुक-रुककर बारिश और बर्फबारी जारी है। यात्रा के दौरान गर्म कपड़े और आवश्यक सामग्री ले जाने की अपील की गई है। केदारनाथ में हेलिकॉप्टर के रोटर ब्लेड की रेंज में आने से एक शख्स की मौत हो गई। रुद्रप्रयाग के पुलिस अधीक्षक विशाखा अशोक के मुताबिक केदारनाथ में हेलिकॉप्टर चलाने वाली कंपनी के एक अधिकारी की मौत हो गई है।