न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 6 नवंबर। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने सम्बन्धित एडिड कॉलेज में यूजी एवं पीजी की 10 प्रतिशत अतिरिक्त सीटें बढ़ाने का फैसला लिया है। लोकसम्पर्क विभाग के उपनिदेशक डॉ. दीपक राय बब्बर ने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. नीता खन्ना के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय ने एडिड कॉलेजों में छात्रों के हितों को ध्यान में रखकर 10 प्रतिशत अतिरिक्त सीटें बढ़ाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय से सम्बन्धित कई कॉलेजों में यूजी के कोर्सों में सीटें फुल हो गई थी जिसके कारण कुछ कॉलेजों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को पत्र भेजकर सीटें बढ़ाने की मांग की थी। इस मांग को स्वीकारते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से सम्बन्धित कॉलेजों में सत्र 2020-21 यूजी के बीए, बीकॉम, बीएससी, जॉब ओरिएंटिड, व्यवसायिक तथा पीजी कोर्सों में अतिरिक्त सीटें बढ़ाने का फैसला लिया है।
उन्होंने बताया कि सम्बन्धित कॉलेज की सीटें बढ़ने पर सम्बन्धित कॉलेज अपने यहां इंफ्रास्ट्रक्चर तथा फैकल्टी सम्बन्धी सुविधाओं को सुनिश्चित करेगा। उन्होंने बताया कि बढ़ी हुई सीटें एनसीटीई व एआईसीटीई से मान्यता प्राप्त कोर्सों पर लागू नहीं होगी।