Table of Contents

पिपली भगवान नगर कालोनी वासी बीएएमएस डाक्टर चंदेश्वर सैनी ने दिया वारदात को अंजाम
डाक्टर चंदेश्वर और उसकी पत्नी कुसुम देवी में चल रही थी खटपट, घरेलू विवाद के चलते पत्नी अपने जीजा के घर सेक्टर दो में रह रही थी
आरोपी डाक्टर चंदेश्वर ने सेक्टर दो स्थित अपने साढू की कोठी में पत्नी और उसके जीजा पर किए थे आठ से 10 फायर
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र।नगर के सेक्टर दो में एक डाक्टर ने अपनी पत्नी और पत्नी के जीजा को गोली मार दी। आरोपी डाक्टर की पत्नी के जीजा की मौत हो चुकी है,जबकि पत्नी की हालत गंभीर है और उसे पीजीआई रेफर किया गया है। वारदात वीरवार सुबह साढ़े सात बजे की है। आरोपी डा.चंदेश्वर सैनी कुरुक्षेत्र के जीटी रोड स्थित पिपली की भगवान नगर कालोनी का रहने वाला है और बीएएमएस डाक्टर है,जबकि आरोपी डाक्टर ने जिसे गोली मारी है उसका नाम डा.राजन चौधरी बताया गया है,जो पेशे से पशु चिकित्सक है।इस वारदात के बाद तरह तरह की चर्चाएं हैं,लेकिन अधिकारिक रुप से अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई। आरोपी वारदात के बाद फरार बताया गया है,जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कुरुक्षेत्र के लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल के मोर्चरी रुम में भेजा गया है। डाक्टर की पत्नी कुसुम देवी की हालत बेहद गंभीर है,उसके परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
डाक्टर चंदेश्वर सैनी की अपनी पत्नी कुसुम देवी के साथ पिछले कुछ समय से खटपट चल रही थी। इसी विवाद के चलते वह अपनी बहन के सेक्टर दो स्थित घर में जाकर रह रही थी। आज सुबह डाक्टर चंदेश्वर सैनी अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर सेक्टर दो स्थित अपनी साली के घर पहुंचा,जहां उसने अपनी पत्नी और उसके जीजा को गोली मार दी। इस वारदात के बाद घटनास्थल पर कोहराम मच गया और आनन फानन में लूहूलुहान जीजा साली को प्राइवेट अस्पताल में दाखिल कराया गया था,जहां डाक्टरों ने पशु चिकित्सक डा.राजन चौधरी को मृत घोषित कर दिया है। प्राप्त सूचना के अनुसार आरोपी डाक्टर ने एक के बाद एक आठ फायर किए थे। सदर थाना पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है। फरार डाक्टर की तलाश जारी है।