व्यापारियों पर बार-बार प्रयोग कर रहा प्रशासन
व्यापारी पहले ही बर्बाद हो चुका, अब न छेड़ो इसे
न्यूज डेक्स संवाददाता
अंबाला। बिना कोई नोटिस दिए सदर बाजार अंबाला छावनी में नगर परिषद द्वारा एक बार फिर से दुकानों के आगे बने रैंप तोड़ने की कार्यवाही की निंदा करते हुए इनेलो प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह ने कहाकि अंबाला छावनी के व्यापारियों को बख्श दो यह पहले ही बर्बाद हो चुके हैं। हमें अंबाला छावनी ही रहने दो हमें सिंगापुर की आवश्यकता नहीं है। व्यापारी व आमजन अभी बाढ़ के प्रकोप से भी नहीं निकला है, लाखों करोड़ों का नुकसान उसे पहले ही हो चुका है, अब तो रहम करो उस पर। उन्होंने कहा कि आर्थिक मंदी से जूझ रहे व्यापारियों पर बार बार प्रयोग ना करें सरकार। पहले ही कई बार नाले तोड़कर दुकानदारों को लाखों रुपए का नुकसान पहुंचा चुका है प्रशासन। बिना किसी लिखित नोटिस के ऐसी कार्यवाही सर्वथा अनुचित है।
उन्होंने मांग की कि व्यापारियों को पहले रोड मैप बताया जाए, बाजार के प्रधानों के साथ बैठकर मीटिंग की जाए और उनसे विचार विमर्श के पश्चात सिर्फ और सिर्फ उचित कार्यवाही की जाए, किसी को भी नुकसान न पहुंचाया जाए। प्रशासन की इस कार्यवाही की निंदा करते हुए उस पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए उन्होंने कहाकि अभी कुछ दिन पहले ही स्ट्रोम वाटर योजना के नाम पर थोड़े थोड़े गए थे, अगर कोई योजना प्रशासन के दिमाग में थी तो उसी समय दुकानदारों को बता दिया जाना चाहिए था, ताकि दुकानदार दोबारा अपने थोड़े बनाते ही ना। यह दुकानदारों के साथ सरासर नाइंसाफी है। दुकानदारों की स्थिति को देखते हुए प्रशासन अपनी योजना में ऐसा परिवर्तन करे कि दुकानदारों पर थड़े भी बच जाए और प्रशासन का काम भी हो जाए।