सदन में हरियाणा सरकार के इस निर्णय की चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री अनिल विज ने दी जानकारी
न्यूज डेक्स संवाददाता
चंडीगढ़। हरियाणा के चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री अनिल विज ने कहा कि राज्य सरकार ने संत शिरोमणि धन्ना भगत जी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय जींद के परिसर में पैरामेडिकल महाविद्यालय खोलने का निर्णय लिया है। विज ने यह जानकारी आज यहां हरियाणा विधानसभा सत्र के दौरान एक प्रश्न के उत्तर में दी। उन्होंने कहा कि हालांकि, चिकित्सा महाविद्यालय, जींद के परिसर में भूमि की कमी के कारण एचएसवीपी से भूमि की पहचान करने का अनुरोध किया गया है।
उन्होंने कहा कि एचएसवीपी ने पैरामेडिकल महाविद्यालय जींद के निर्माण के लिए सैक्टर-9, जीन्द में 7.42 एकड़ भूमि की पेशकश की है, जो विभाग के विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि भूमि के चयन उपरांत निर्माण कार्यके लिए कार्यकारी एजेंसी नियुक्त की जाऐगी ।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेज खोलने के लिए नई नीति बनाई है जिसके तहत कॉलेज में प्रशिक्षण लेने वाले छात्रों को कॉलेज के 10 किलोमीटर के दायरे में 100 बिस्तर के एनएबीएच प्रमाणित अस्पताल में ट्रेनिंग लेनी होगी और इस ट्रेनिंग तथा प्रशिक्षण में बायोमेट्रिक हाजिरी लगाई जायेगी।