हरियाणा सरकार में मंत्री रहे स्वर्गीय पंडित शिव चरण लाल शर्मा की 93 वीं जयंती
न्यूज डेक्स संवाददाता
फरीदाबाद। वीरवार को देवउठनी एकादशी पर पूर्व मंत्री स्वर्गीय पंडित शिव चरण लाल शर्मा की जयंती के उपलक्ष में टीम पंडित जी द्वारा जवाहर कालोनी ईएसआई एवं फिजियोथेरपी सेंटर में मरीजों को फल वितरण किया गया।इस मौके पर विधायक नीरज शर्मा ने एनआईटी विधानसभा के वार्ड नंबर-6 में 30 फीट रोड माया कुंज के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। विधायक ने बताया कि यह मुख्य रास्ता है जोकि माया कुंज वार्ड-6 एवं वार्ड-5 का को आपस में जोड़ता है काफी समय से जर्जर हालत में था आज बाबा के जन्मदिन के मौके पर इसका शुभारंभ कराया गया है। इस मौके पर नगर निगम के कनिष्ठ अभियंता प्रमोद पचौरी, राममेहर प्रधान, रामसिंह यादव, दामोदर पंडित, शिवदत्त शर्मा, प्रेम नेगी, दयाचंद चावला, सुधीर शर्मा, चौधरी धर्मपाल, धनराज एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।


पूर्व मंत्री पंडित शिव चरण शर्मा के 93 वीं जयंती पर एनआईटी-86 के विधायक नीरज शर्मा ने कहा कि उनके पिता ने सरकार में मंत्री पद पर रहते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र एनआईटी फरीदाबाद के लोगों की भलाई के लिए हमेशा कार्य किए। वो सुख दुख में हमेशा लोगों के साथ खड़े रहते थे, यही कारण है कि क्षेत्र की जनता आज भी उनसे बेशुमार प्यार करती है। वह आज भी लोगों के दिलों में बसते हैं। उन्हीं का आशीर्वाद है जो जनता ने वोट के रूप में उन्हें दिया और फरीदाबाद से एकमात्र कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में विजयी बनाकर विधानसभा में भेजा। वह जनता के इस मान-सम्मान और प्यार को हमेशा याद कर अपने पिताजी के पदचिन्हों पर चलते हुए सदैव क्षेत्र की सेवा में समर्पित है। उन्होंने कहा कि एनआईटी विधानसभा क्षेत्र की जनता उनका परिवार है और वह यह कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे कि परिवार को किसी प्रकार की कोई दुख तकलीफ व कष्ट झेलना पड़े। इस मौके पर समाजसेवी मुनेश शर्मा ने कहा कि आज हम सबके प्रिय व पूरे क्षेत्र के बाबा व मेरे पिता का 93वां जन्मदिवस है। बाबा से विधानसभा-86 की जनता ने यही सीखा की कोई भी काम मुश्किल नहीं होता बशर्ते आपके अंदर उस कार्य करने की प्रेरणा हो और इच्छा शक्ति हो।
पूर्व मंत्री की जयंती के मौके पर पूर्व वरिष्ठ उपमहापौर मुकेश शर्मा द्धारा टीम पंडित जी के साथियों मुनेश पंडित, विधायक नीरज शर्मा, कृष्ण लोहिया, गौरव ढीगडा, दिनेश अरोडा, कुलदीप शर्मा, हरबीर मावई, जावेद अख्तर, तरूण नरूला, रधुवर दयाल, संजीव कुशवाह, संदीप कुमार, के साथ बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।