न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 13 दिसंबर। शिरोमणि अकाली दल हरियाणा के प्रदेश प्रवक्ता कवलजीत सिंह अजराना ने बताया कि संधु बॉर्डर पर इस समय मेले जैसा माहौल है और किसान जोश में हैं, ऐसे में सरकार को चाहिए कि वह तुरंत किसानों की मांगों पर गौर करके उनका निवारण करें। वे आंदोलनरत किसानों से मिलने के बाद धर्मनगरी में पत्रकारो से बातचीत कर रहे थे। अजराना ने कहा कि पिछले 18 दिनों से आंदोलन कर रहे किसानों ने जो शांति का परिचय दिया है, वह काबिले तारीफ है। इसलिए केंद्र सरकार को चाहिए कि वह नैतिकता के आधार पर किसानों की मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करें।
प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि पिछले 2 दिनों से सर्दी का प्रकोप बढ़ रहा है और धरना देने वाले अधिकांश किसान बुजुर्ग हैं, ऐसे में उनका स्वास्थ्य खतरे में है। यदि किसी किसान के स्वास्थ्य के साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसकी जिम्मेदार केंद्र सरकार होगी क्योंकि उसने हठ अपनाया हुआ है। उन्होंने चेताया के शीघ्र अति शीघ्र यदि किसानों की मांगे न मानी गई, तो आंदोलन को और तेज करने के लिए रणनीति बनानी पड़ेगी। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय किसान यूनियन हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी को सिख परिवार हरियाणा की ओर से एक लाख रुपए की राशि भी सहयोग के रूप में दी, ताकि आंदोलन कर रहे किसानों को कोई आर्थिक तंगहाली न सहनी पड़े।
कवलजीत सिंह अजराना ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी श्री अमृतसर किसानों के इस आंदोलन में उनके साथ है और किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लंगर और दवाइयां इत्यादि निरंतर भेजी जा रही हैं। इतना ही नहीं, संगत के सहयोग से गरम बिस्तरे कंबल इत्यादि भी भेजे गए हैं, ताकि धरने पर बैठे किसानों को ठंड से बचाया जा सके। इस मौके पर सिख परिवार हरियाणा के प्रदेश उपप्रधान अमरदीप सिंह अटवाल ने बताया कि उनके नोटिस में आया के आंदोलन कर रहे किसानों को सहायता की जरूरत है। इस पर टीम ने एक लाख रुपए इकट्ठे करके संघर्ष कर रहे किसानों को देने का फैसला किया। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि सिख परिवार हरियाणा इस मुश्किल की घड़ी में उनके साथ है और हर संभव सहयोग भी करेगा।
इस अवसर पर श्री अकाल उत्सव चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन ज्ञानी तेजपाल सिंह, गुरुद्वारा श्री बैकुंठ धाम सेवा ट्रस्ट कुरुक्षेत्र के चेयरमैन लखविंदर सिंह संधू, कुलदीप सिंह अटवाल, सतविंदर सिंह, अमरदीप सिंह, सुखजिंदर सिंह, परमिंदर सिंह, हर्षदीप सिंह अटवाल, करनदीप सिंह बुट्टर, सिमरन मावी, रमन राठी, जशन सिंह आदि मौजूद रहे।