न्यूज़ डेक्स संवाददाता कुरुक्षेत्र । अतिरिक्त उपायुक्त डा. वैशाली शर्मा ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेशानुसार कुरुक्षेत्र जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में प्रचार प्रसार सामग्री हटवाने का काम जोरों पर चल रहा है। इस कार्य के लिए शहरों और गांवों में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। एडीसी वैशाली शर्मा ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त शांतनु शर्मा के आदेशानुसार ग्रामीण क्षेत्र में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी तथा शहरी क्षेत्र में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी और नगरपालिकाओं के सचिवों की देखरेख में सड़कों पर लगे फ्लेक्स और होर्डिंग उतारने का काम चल रहा है। इसके अलावा सभी सरकारी भवनों से प्रचार-प्रसार की सामग्री उतारने का कार्य लगभग पूरा कर दिया गया है। इन टीमों को आदेश दिए गए है कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार प्रसार की सामग्री रिमूव करने के बाद अपनी रिपोर्ट जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस मामले में जरा सी भी लापरवाही सहन नहीं होगी। इस कार्य के लिए चुनाव आयोग की हिदायतों के अनुसार प्रचार प्रसार सामग्री हटाने के लिए अलग-अलग श्रेणी निर्धारित की थी और इस प्रचार प्रसार सामग्री को 24 घंटे से लेकर 48 घंटे तक उतरवाया जाना है। उन्होंने राजनैतिक दलों से भी अपील की है कि प्रचार-प्रसार सामग्री लगाने के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जगह निर्धारित की जाएगी। सभी को निर्धारित जगह पर ही प्रचार प्रसार सामग्री लगाने की ही इजाजत होगी।