Home haryana कांग्रेस सरकार बनने पर व्यापारियों को मिलेगी सुरक्षा, खत्म होगा इंस्पेक्टर राज- चौ. उदयभान 

कांग्रेस सरकार बनने पर व्यापारियों को मिलेगी सुरक्षा, खत्म होगा इंस्पेक्टर राज- चौ. उदयभान 

by ND HINDUSTAN
0 comment

खौफ के साये में जी रहे व्यापारी, रोज हो रही फिरौती, फायरिंग व धमकी देने की वारदातें- चौ. उदयभान

हरियाणा से पलायन करने को मजबूर व्यापारी, घट रहा निवेश, बढ़ रही बेरोजगारी- चौ. उदयभान

हरियाणा से 7% जीएसटी लेकर वापिस सिर्फ 1% हिस्सा देती है केंद्र सरकार- चौ. उदयभान 

न्यूज़ डेक्स संवाददाता

चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कहा है कि कांग्रेस सरकार बनने पर व्यापारियों को पूरी सुरक्षा दी जाएगी और इंस्पेक्टर राज खत्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी हरियाणा के व्यापारियों पर दोहरी मार मारने में लगी है। जिस इंस्पेक्टर राज को कांग्रेस ने खत्म किया था, उसे बीजेपी ने फिर से स्थापित कर दिया है। साथ ही इस सरकार ने कानून व्यवस्था का दिवाला पीटकर व्यापारियों को बदमाशों का चारा बनाकर रख दिया है। व्यापारी वर्ग आज खौफ के साये में जी रहा है और उसे हर रोज फिरौती व जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। बदमाशों की बात ना माने जाने पर सरेआम फायरिंग व हत्या जैसी वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। यहीं वजह है कि हरियाणा से कारोबारी लगातार पलायन कर रहे हैं, जिसकी वजह से निवेश घट रहा है और बेरोजगारी आसमान छू रही है। 

चौधरी उदयभान ने बताया कि व्यापारियों ने राज्यस्तरीय व्यापारी प्रतिनिधि महासम्मेलन करके विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पूर्ण समर्थन करने का ऐलान किया। कांग्रेस इसके लिए व्यापारियों का धन्यवाद करती है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने व्यापारियों पर नोटबंदी और जीएसटी की ऐसी मार मारी कि वो आजतक नहीं उभर पाए। इस सरकार ने व्यापारी वर्ग से लगातार टैक्स की लूट की है। पूरे देश से मिली जीएसटी का 7 प्रतिशत हिस्सा अकेला हरियाणा, केंद्र सरकार को देता है। लेकिन बदले में प्रदेश को सिर्फ 1 प्रतिशत हिस्सा ही वापस मिलता है। व्यापारी वर्ग से हजारों करोड़ का टैक्स ऐंठने के बावजूद बीजेपी द्वारा उन्हें कोई नीतिगत राहत देना तो दूर, जरूरत पड़ने पर सुरक्षा तक मुहैया नहीं करवाई जाती है। 

व्यापारियों को अपनी जान बचाने के लिए बदमाशों को फिरौती देनी पड़ती है। कानून व्यवस्था का इस कद्र दिवाला पिट चुका है कि जेलों में बैठकर बदमाश फिरौती के रैकेट चला रहे हैं। आम आदमी, आम दुकानदार, कारोबारी, यहां तक कि पुलिसवालों और विधायकों तक को निशाना बनाया जा रहा है। इसीलिए धीरे-धीरे निवेशकों ने भी हरियाणा से दूरी बनानी शुरू कर दी। 

एनसीआरबी के आंकड़े बताते हैं कि हरियाणा में रोज 3-4 हत्याएं, 5 बलात्कार और 13 किडनेपिंग की वारदातें होती हैं। हरियाणा में रोज 46 महिलाओं के साथ आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। ये सब इसलिए हो रहा है क्योंकि प्रदेश सरकार अपराधियों पर कार्रवाई करने की बजाए उन्हें संरक्षण दे रही है। जबकि कांग्रेस सरकार के दौरान उस वक्त के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बदमाशों को स्पष्ट चेतावनी दे दी थी कि या तो बदमाशी छोड़ दो या फिर हरियाणा छोड़ दो। उसका असर ये हुआ कि हरियाणा में कांग्रेस कार्यकाल के दौरान कोई गैंगस्टर, कोई बदमाश और माफिया नहीं बचा था। सुरक्षित माहौल होने की वजह से कारोबारियों ने भी हरियाणा में खूब निवेश किया और हरियाणा विकास के हर पैमाने पर देश का नंबर वन राज्य बना था। 

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नोटबंदी ने 168 बेकसूर लोगों की जान ले ली और लाखों एमएसएमई पर ताला लगवा दिया। सुनारों के कारोबार को निशाना बनाया गया। हजारों फैक्ट्री और उद्योग धंधे बंद हुए व लाखों लोगों के रोजगार चौपट हो गए थे। इसके बाद रही-सही कसर जीएसटी ने पूरी कर दी और कारोबारियों को लालफीताशाही में उलझाकर रख दिया। तीन कृषि कानूनों के जरिए सरकार ने आढ़तियों को भी खत्म करने की साजिश रची। बीजेपी ने अपनी हरेक नीति आम व्यापारियों की बजाए चंद बड़े उद्योपतियों के हिसाब से निर्धारित की है। 

उन्होंने कहा कि व्यापरियों की मांगों की बीजेपी द्वारा लगातार अनदेखी की जा रही है। व्यापारियों की मांगों को कांग्रेस के घोषणापत्र में शामिल करते हुए पार्टी की सरकार बनने पर उनको पूरा किया जाएगा। हरियाणा के कारोबारियों को भय और बदमाशी के राज से छुटकारा दिलाया जाएगा व प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज फिर से स्थापित होगा। व्यापारी वर्ग सुरक्षित होगा तो वो बेखौफ होकर हरियाणा में कारोबार व निवेश करेगा, जिससे प्रदेश की तरक्की होगी।

You may also like

Leave a Comment

NewZdex is an online platform to read new , National and international news will be avavible at news portal

Edtior's Picks

Latest Articles

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?