Home haryana विस अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने जनता के सामने रखा रिपोर्ट कार्ड 

विस अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने जनता के सामने रखा रिपोर्ट कार्ड 

by ND HINDUSTAN
0 comment

एनडी हिंदुस्तान संवाददाता

पंचकूला।हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष एवं पंचकूला से विधायक ज्ञान चंद गुप्ता ने सोमवार को सेक्टर 5 स्थित एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने 10 साल का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि वे वर्ष 2014 में विधायक बने और तभी हरियाणा में भाजपा की सरकार बनी थी। इन 10 वर्षों में पंचकूला में करीब 5 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए हैं। शहर में करीब 100 बड़ी परियोजनाएं सिरे चढ़ीं हैं तो वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलों का निर्माण व सड़कों का जाल बिछाकर लोगों की दशकों पुरानी मांग पूरी की है। अब कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कुमारी सैलजा को उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का ब्योरा जनता के सम्मुख रखना चाहिए। उन्होंने अपने कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का ब्योरा देते हुए कहा कि 1150 करोड़ से नेशनल हाईवे-73 बना है। इससे पंचकूला से लेकर यमुनानगर तक के क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदली है। इस राष्ट्रीय राजमार्ग समेत क्षेत्र में 1162 करोड़ से नई सड़कें बनी हैं। इसके अलावा 99.79 करोड़ की लागत से सड़कों की रिकार्पेटिंग की गई। ग्रामीण क्षेत्र 38 करोड़ रुपये की लागत से 9 पुल बनाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि खटौली व अन्य गांव वासियों को तीन-तीन मुख्यमंत्रियों के आश्वासन के बाद भी टांगरी नदी पर पुल पिछले 50 साल में नहीं बना था। अब लगभग 18 करोड़ की लागत से गांव वासियों की मांग को पूरा किया है। इस दौरान उन्होंने गांवों में हुए प्रत्येक विकास कार्य का ब्योरा आंकड़ों के साथ दिया। उन्होंने इन विकास कार्यों पर प्रकाशित एक पुस्तिका का भी विमोचन किया। शहरी क्षेत्र में बड़ी परियोजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 500 करोड़ से राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित किया गया है। माता मनसा देवी प्रांगण में लगभग 20 एकड़ भूमि पर इस संस्थान का 90 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। सेक्टर-23 में 10 एकड़ भूमि पर 200 करोड़ रुपये से बने राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान का उद्घाटन 12 जुलाई 2022 को कपड़ा मंत्री श्री पीयूष गोयल ने किया। इसका शिलान्यास तत्कालीन केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने किया था। 2014 से पहले सेक्टर 6 का सिविल अस्पताल 100 बिस्तर का था। अब इसे अपग्रेड करके 500 बेड का अस्पताल बनवा दिया है। यहां एमआरआई, सीटी स्कैन, डायलेसिस, ब्लड बैंक एवं लैब, कैथ लैब जैसी सुविधाएं प्रदान की गईं। यहां ओपीडी लगभग 4500 हो चुकी है।

प्रसूति एवं बाल चिकित्सा हेतु सेक्टर 6 में 120 करोड़ की लागत से 11 मंजिला 200 बैड का मदर चाइल्ड अस्पताल बनवाया गया है। हरियाणा बनने के 50 वर्षों के बाद तक पंचकूला में रोडवेज डिपो नहीं था। अब यहां 87 करोड़ से रोडवेज डिपो एवं वर्कशॉप बनाई गई है। यह वर्कशॉप प्रदेश की सबसे आधुनिक वर्कशॉप है। रोडवेज डिपो में 166 बसें हैं। 62 करोड़ खर्च कर भाखड़ा कैनाल से 25 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन डलवा कर कजौली वाटर वर्क्स से पंचकूला के लोगों की पानी की प्यास बुझाने का काम किया। यह योजना 30 साल से लंबित थी। सेक्टर 32 में 55 करोड़ की लागत से 220 केवी का बिजली घर बनाया। इसके अलावा गांव टपरियां, सेक्टर 22, सेक्टर 20 में 66 केवी के सब स्टेशनों का निर्माण करवाया। यहां बड़ी संख्या में ट्रासफार्मर स्थापित किए गए और तारें बदलवाई गईं। इसका परिणाम यह हुआ कि पंचकूलावासियों को 24 घंटे बिजली की सप्लाई हो रही है। सेक्टर 24, 26, 27 और सेक्टर 20 को जोड़ने के लिए घग्गर नदी पर 62.50 करोड़ की लागत से हेवी लोड ब्रिज का निर्माण जारी है। इससे घग्गर पार के लोगों के साथ-साथ पांवटा साहिब, काला अंब जाने वाले लोगों को भी सुविधा होगी। पंचकूला-जीरकपुर (कालका हाईवे) पर सेक्टर 12 ए और इंडस्ट्रियल एरिया के पास 16.40 करोड़ की लागत से पुल बनने से हजारों यात्रियों को भारी लाभ हुआ। कम से कम प्रत्येक यात्री का आधे घंटे का समय कम हुआ। कार्य 2 माह में पूरा हो जाएगा। लगभग 42 करोड़ रुपये की लागत से सेक्टर 20-21 व सेक्टर 2-4 को जोड़ने वाले अंडरब्रिज से सेक्टर 20-21 वासियों की बहुत पुरानी समस्याओं का समाधान होगा।

इससे यहां लगने वाले जाम से छुटकारा मिलेगा। सेक्टर 19 को शहर से जोड़ने के लिए 30.55 करोड़ से रेलवे ऊपरगामी पुल बनाया गया। सेक्टर-19 के लोगों को राहत की सांस मिली। कांग्रेस के शासनकाल में तत्कालीन विधायक डीके बंसल की मांग पर पीडब्ल्यू्डी मंत्री रणदीप सुरजेवाला ने इसे ‘नोट फिजेबल’ कहा था। भाजपा ने उनके असंभव को संभव करके दिखाया है। सेक्टर 19 स्थित सीबीआई थाने के सामने 4 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे अंडर ब्रिज भी बनाया गया। पहले लोगों को घूमकर जीरकपुर-कालका रोड से या फिर हरमिलाप नगर की फाटक खुलने का इंतजार करना पड़ता था। सेक्टर 3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम परिसर में उत्तरी क्षेत्र का सबसे बड़ा 4 हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाला पूर्णत: वातानुकूलित मल्टी पर्पस स्पोर्ट्स हाल बनवाया। यहां 12 इंडोर खेलों की सुविधा प्रदान की गई।

ताउ देवी लाल स्टेडियम में 6.71 करोड़ से विश्वस्तरीय हॉकी हॉकी स्टेडियम का निर्माण किया गया है। इसमें 1300 लोगों के बैठने की क्षमता वाला हॉकी पवेलियन भी बना। रात को मैच खेलने के लिए रोशनी का उचित प्रबंध किया। दो कोर्ट वाले वातानुकूलित विश्वस्तरीय इंडोर बास्केटबाल स्टेडियम से यहां राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट का आयोजन संभव हुआ। यहां 500 लोगों के बैठने की क्षमता वाली दर्शक दीर्घा का भी निर्माण हुआ है। लगभग 18.20 करोड़ की लागत से पूर्णत: वातानुकूलित वॉलीबॉल स्टेडियम खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपना स्तर उंचा करने में सहायक सिद्ध हो रहा है। वॉलीबॉल स्टेडियम में 2 कोर्ट और 300 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। 9 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक इंजरी रिकवरी सेंटर चोटिल खिलाड़ियों को सुविधा प्रदान कर रहा है। यह उत्तर भारत का सबसे अत्याधुनिक रिकवरी सेंटर है।

इसमें 105 मशीनें हैं। सेक्टर 32 पंचकूला में लगभग 13.5 एकड़ भूमि पर 33 करोड़ की लागत से बनने वाले शूटिंग रेंज बनाई जा रही है। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी ट्रेनिंग ले सकेंगे। पंचकूला में खेलों इंडिया यूथ गेम्स 2021 का आयोजन भी बड़ी उपलब्धि रही। 4 से 13 जून 2022 तक हुए इस आयोजन में देशभर से लगभग 8500 खिलाड़ियों ने भाग लिया। सेक्टर 32 में 10 एकड़ भूमि पर इंजीनियरिंग कॉलेज की बिल्डिंग बनाई जा रही है। फिलहाल सेक्टर 26 के पॉलिटेक्निक संस्थान में बीटेक कक्षाएं शुरू कर दी गई है। यहां सीएसई के 3 कोर्स करवाए जा रहे हैं। सेक्टर 32 में ही 30 एकड़ भूमि पर डॉ. मंगल सेन मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है। इसके निर्माण पर 800 करोड़ रुपये खर्च होंगे। श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड द्वारा 22 करोड़ रुपये की लागत से 2.10 एकड़ भूमि पर संस्कृत महाविद्यालय बनाया जा रहा है। शैक्षणिक सत्र 2020-21 भंडारा समिति के भवन में इसकी कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सेक्टर-26 में 6 करोड़ की राशि से संस्कृति मॉडल स्कूल की स्थापना हुई है। माता मनसा देवी मंदिर परिसर में 6.5 करोड़ की लागत से काशी कॉरीडोर की तर्ज पर श्री माता मनसा देवी कॉरीडोर का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। दूसरे चरण में 25 करोड़ से हनुमान वाटिका बनाई जाएगी। रेहड़ी फड़ी वालों के लिए सेक्टर-2, 4, 8, 15 और 19 में वेंडिंग ज़ोन स्थापित किए गए हैं। सेक्टर-23 के डंपिंग ग्राउंड को स्थानांतरण कर दिया गया है।

सेक्टर 9 में आगजनी से खाक हुई रेहड़ी मार्केट की जगह अब शॉपिंग बूथ बन गए हैं। अभी तक एचएसवीपी के यहां किराए पर कारोबार कर रहे दुकानदारों के नाम पर इनकी रजिस्ट्री करवा दी गई है। पंचकूला स्थित लघु सचिवालय में लगभग 28.69 करोड़ की लागत से बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण करवाकर वकीलों और कर्मचारियों की बहुत पुरानी मांग को पूरा किया। यह निर्माण कार्य 30 नवंबर 2017 को पूरा हुआ। सेक्टर 1 में 26.42 करोड़ की लागत से पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह का निर्माण किया गया। इसका शिलान्यास 2017 में जबकि उद्घाटन 2019 में हुआ। पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की ओर से 55 करोड़ की लागत से सेक्टर 5 में आर्कियोलॉजिकल म्यूजियम एवं डिजिटल पुस्तकालय बनाया जा रहा है। पंचकूला के लघु-सचिवालय में 444 वकीलों के लिए 222 चैंबर बनाए गए हैं। इन चैंबर्स से पंचकूला, कालका, पिंजौर, रायपुररानी, बरवाला और मोरनी इत्यादि से आने वाले वकीलों को लाभ हुआ। एशिया की सबसे बड़ी सेब मंडी पिंजौर में स्थापित की गई है। 11 जनवरी 2021 को तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने शिलान्यास जबकि 17 जुलाई 2024 को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने उद्घाटन किया। सेक्ट र-26 में 25 करोड़ की लागत से पॉलिटेक्निक और महाज्ञानी ऋषि अष्टावक्र मल्टी।स्किल सेंटर 27 अक्तूबर 2020 को बना। फिलहाल यहां इंजीनियरिंग कॉलेज के बीटेक कोर्स भी शुरू करवाए गए हैं। इस अवसर पंचकूला के महापौर कुलभूषण गोयल, जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, पार्टी नेता संजय शर्मा, बंतो कटारिया, हरेंद्र मलिक समेत अनेक नेता उपस्थित रहे। फोटो कैप्शन : पंचकूला के सेक्टर 5 में स्थित एक निजी होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों के सम्मुख अपने 10 का रिपोर्ट कार्ड पेश करते विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता और दूसरे पार्टी नेता।

You may also like

Leave a Comment

NewZdex is an online platform to read new , National and international news will be avavible at news portal

Edtior's Picks

Latest Articles

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?