जननी मां की तरह करें गउ माता की सेवा, गाय की सुरक्षा के लिए सरकार पूरी तरह से कृत संकल्प
कैबिनेट मंत्री ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले, कांग्रेस पूरी तरह से देश भर में खो चुकी है अपनी जमीन
रॉबर्ट वाड्रा मामले में सरकार का नहीं है कोई लेना-देना, नहीं है कांग्रेस को कानून में विश्वास
विकसित भारत के लिए एक देश, एक चुनाव जरूरी, पश्चिम बंगाल पर है सरकार की पैनी नजर
सरकार किसानों को मंडियों में दे रही है पूरी सुविधाएं, खरीदा जाएगा किसानों का एक-एक दाना
गांव पहरावर स्थित गौशाला में आयोजित कार्यक्रम में की शिरकत, 11 लाख गौशाला को देने की घोषणा
एनडी हिन्दुस्तान
रोहतक। प्रदेश के सहकारिता, कारागार एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश में ऐसा समय भी था, जब गौशालाओं के लिए मात्र दो करोड़ रुपये ही बजट था, लेकिन भाजपा सरकार ने इस बजट को दो करोड़ से बढ़ाकर पांच सौ करोड़ कर दिया, मुख्यमंत्री नायब सैनी का यह ऐतिहासिक कार्य है, जिसकी जितनी सराहना की जाए वह कम है। उन्होंने कहा कि गायों की सुरक्षा के लिए सरकार पूरी तरह से कृत संकल्प है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस अपनी जमीन पूरी तरह से खो चुकी है और अब कांग्रेस के पास कुछ नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि रॉबर्ट वाड्रा मामले में सरकार का कोई लेना देना नहीं है और इस मामले को लेकर कांग्रेस ने जो प्रदर्शन किया है, उससे साफ है कि कांग्रेस को कानून में विश्वास नहीं है।
रविवार को कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने गांव पहरावर में आयोजित गौशाला नन्दिनी धाम के 36 वें स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमें जननी मां की तरह गउ माता की भी सेवा करनी चाहिए, गाय में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास माना जाता है और गौ माता, मातृत्व, उर्वरता और समृद्धि का प्रतीक है। बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कांग्रेस रॉबर्ट वाड्रा मामले को लेकर सरकार पर बेवजह दोषा रोपण कर रही है, जबकि रॉबर्ट वाड्रा मामला कानूनी प्रक्रिया के तहत चल रहा है। इसमें केंद्र सरकार का कोई लेना-देना नहीं है, कांग्रेस बौखला चुकी है क्योंकि वह देश में अपनी जमीन खो चुकी है। उन्होंने देश में एक साथ चुनाव करने की बात पर जोर देते हुए उन्होंने कहा की 1980 में भारतीय चुनाव आयोग द्वारा एक देश, एक चुनाव की बात कही थी जबकि केंद्र में बीजेपी की सरकार आने के बाद पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में इसी विषय को लेकर एक कमेटी बनाई गई थी, जिसकी रिपोर्ट में कहा गया हैै कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ देश का 140 करोड़ जनमानस देश में एक साथ चुनाव चाहता है, इससे देश में विकास का रास्ता खुलेगा और धन की भी बचत होगी। विकसित भारत के लिए एक देश, एक चुनाव बहुत जरूरी है। वक्फ संशोधित बिल संसद में पास होने के बाद पश्चिम बंगाल में फैली व्यापक हिंसा के पर उन्होंने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि वहां के हालात पर सरकार की पैनी नजर है, जहां तक प्रदेश में राष्ट्रपति शासन की बात है तो सरकार को इस बारे में बहुत सारी रिपोर्ट प्राप्त हो रही है। उन्होंने कहा की मंडियों में गेहूं की आवक जोरों पर है और सरकार ने अनाज की खरीद के लिए और मंडियों में किसानों को दी जाने वाली सुविधाओं की बड़े पैमाने पर व्यवस्था की है। सरकार किसान का एक-एक दाना खरीदेगी, किसानों को किसी प्रकार की चिंता करने की जरुरत नहीं है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वह विपक्ष के बहकावे न आए, क्योंकि विपक्ष का काम केवल कमी निकालना रह गया है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि गाय की सुरक्षा के लिए सरकार पूरी तरह से कृत संकल्प है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जबकि पूरे प्रदेश की गौशालाओं के लिए केवल 2 करोड रुपए की सहायता दी जाती थी, जबकि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गौशालाओं का बजट बढ़ाकर 500 करोड रुपए कर दिया गया है, जोकि एक ऐतिहासिक कार्य है। इस अवसर पर पंडित हरकिशन महाराज, मेयर राम अवतार वाल्मीकि, नरेश शर्मा, प्रवीन कौशिक, वासुदेव शर्मा, शिवकुमार शर्मा, सतबीर, आजाद सिंह, प्रहलाद पहरावर, श्री भगवान, सुनील सरपंच, हरिश कौशिक, राजेंद्र कौशिक, चंद्रभान अत्री, बिजेंद्र कुमार, मोनू अत्री, सतीश कौशिक, पंडित रमेश, रणधीर भारद्वाज, कपिल शर्मा आदि मौजूद रहें।
पहरावर की जमीन पर जल्द होगा काम शुरु –
कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने गौड शिक्षा प्रचारिणी सभा को सरकार द्वारा जमीन देने का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि इस बारे में उनकी मुख्यमंत्री के साथ चर्चा भी हुई है और इस जमीन पर प्रोजेक्ट को लेकर योजना बनाई जाएगी, एक इंच जमीन भी वेस्ट नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि संस्था की जमीन पर जल्द ही काम शुरु करवा दिया जाएगा ।