थानेसर में नए लघु सचिवालय, ब्रह्मसरोवर और पैनोरमा में आप्रेशन अभ्यास का हुआ सफल आयोजन,
उपायुक्त नेहा सिंह व पुलिस अधीक्षक नितिश अग्रवाल स्वयं लघु सचिवालय में मौके पर रहे आप्रेशन अभ्यास के दौरान मौजूद
घायलों को उपचार के लिए भेजा अस्पताल में
फायर ब्रिगेड ने लघु सचिवालय के भवन में लगी आग पर पाया काबू
एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि आप्रेशन अभ्यास(मॉक ड्रिल)में एयर स्ट्राइक व आग लगने से दर्जनों लोगों को बचाया गया। इन सभी लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया और लघु सचिवालय के नए भवन में लगी आग पर फायर ब्रिगेड की टीम द्वारा काबू पाया गया। अहम पहलू यह है कि कुरुक्षेत्र में नए लघु सचिवालय, पैनोरमा और ब्रह्मसरोवर पर आप्रेशन अभ्यास का सफल आयोजन किया गया।
आप्रेशन अभ्यास के पहले चरण में लघु सचिवालय के नए भवन में एयर स्ट्राइक व आग लगने से प्रशासन की टीमें तुरंत एक्शन में आई और नए लघु सचिवालय, पैनोरमा और ब्रह्मसरोवर पर राहत टीमें मौके पर पहुंच गई। आप्रेशन अभ्यास के दौरान नए लघु सचिवालय में सबसे पहले फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। इस दौरान पुलिस, रेड क्रॉस, होमगार्ड के जवान नए लघु सचिवालय के भवन के अंदर पहुंचे और इस भवन में कार्य करवाने के लिए आए लोगों को तुरंत बाहर जाने के निर्देश दिए इसके साथ ही अनाउंसमेंट के माध्यम से लिफ्ट का प्रयोग ना करने की सलाह देते हुए सीढ़ियों के माध्यम से भवन के बाहर पहुंचने के निर्देश दिए।
आप्रेशन अभ्यास के चलते पुलिस और रेड क्रॉस के साथ-साथ स्वयं सेवकों ने भवन के अंदर घायल लोगों को स्ट्रेचर के जरिए तुरंत एंबुलेंस तक पहुंचाया और आग बुझाने वाले यंत्रों से भवन के अंदर आग पर काबू पाया। इस दौरान पुलिस प्रशासन की तरफ से लघु सचिवालय के नए भवन को चारों तरफ से घेर लिया ताकि बाहर से कोई भी व्यक्ति अंदर ना जा सके और अंदर फसे लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके। यहां पर आप्रेशन अभ्यास में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया। यह आप्रेशन अभ्यास उपायुक्त नेहा सिंह व पुलिस अधीक्षक नितिश अग्रवाल की देखरेख में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।