ब्रह्मसरोवर तीर्थ पर होगा योग प्रोटोकॉल, कुलपति बोले- ये हमारा सौभाग्य
एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय द्वारा 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के काउंटडाउन कार्यक्रम की श्रृंखला में ब्रह्मसरोवर तीर्थ स्थित पुरुषोत्तमपुरा बाग में आज शुक्रवार को 43वां काउंटडाउन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा,जिसमें विशेष अतिथि के रूप में नगर परिषद थानेसर की चेयरपर्सन माफी ढांडा, पूर्व चेयरपर्सन उमा सुधा शिरकत करेंगी,जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान करेंगे। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. ब्रिजेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि इस भव्य कार्यक्रम में शहर की योग संस्थाओं समेत कई स्कूलों के 700 से अधिक साधक हिस्सा लेंगे।
इसी कड़ी में गुरुवार सुबह विश्वविद्यालय परिसर में योग प्रोटोकॉल की फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई,जिसमें विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों,शिक्षकों व योग प्रशिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रिहर्सल के दौरान प्रतिभागियों को पूर्ण प्रोटोकॉल के अनुसार अभ्यास करवाया गया,ताकि 9 मई को ब्रह्मसरोवर तीर्थ परिसर स्थित पुरुषोत्तमपुरा बाग में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सभी साधक योगाभ्यास को एकसमानता और अनुशासन के साथ कर सकें।
“स्वस्थ भारत-समर्थ भारत” की दिशा में सशक्त प्रयास: प्रो. धीमान
इस अवसर पर कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान व कुलसचिव प्रो. ब्रिजेंद्र सिंह तोमर भी स्वयं उपस्थित रहे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल योग के प्रचार-प्रसार का माध्यम है, बल्कि समाज को “स्वस्थ भारत-समर्थ भारत” की दिशा में प्रेरित करने का सशक्त प्रयास भी है। कुलपति ने विश्वविद्यालय के सभी विभागाध्यक्षों, शिक्षकों, शोधार्थियों व विद्यार्थियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचें और इसे ऐतिहासिक बनाएं। कुलपति ने बताया कि यह कार्यक्रम मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (आयुष मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में चल रही “100 दिन, 100 शहर, 100 संस्थान” श्रृंखला का हिस्सा है,जिसमें श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय को 43वें दिन का कार्यक्रम आयोजित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।