एनडी हिन्दुस्तान
करनाल। करनाल पंचायत राज संस्थाओं, नगर पालिकाओं और नगर निगम चुनावों के लेखा निपटान के लिए बैठक का आयोजन स्थानीय कर्ण लेक के सभागार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा राज्य निर्वाचन आयुक्त धनपत सिंह ने की।
बैठक में धनपत सिंह ने करनाल पंचायत राज संस्थाओं, नगर पालिकाओं और नगर निगम चुनावों से जुड़े वित्तीय मामलों की विस्तार से समीक्षा की और उनके त्वरित एवं सुचारू निपटान के निर्देश दिए। उन्होंने चुनावों के दौरान हुए व्यय, प्राप्तियों और अन्य वित्तीय पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की और अधिकारियों को सभी लंबित लेखाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में राज्य निर्वाचन आयुक्त हरियाणा धनपत सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कहा कि लेखा निपटान की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और यह भी सुनिश्चित करें कि सभी आवश्यक औपचारिकताओं को बिना किसी देरी के पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनावों में प्रयोग की गई सामग्रियों जैसे कच्ची बैरिकेडिंग, टैंट, बसों, पेट्रोल आदि पर किए गए व्यय के बिलों का त्वरित निपटान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पेंडिंग बिलों का एस्टिमेट बनाकर भेजें ताकि बिलों का भुगतान समय पर किया जा सके। उन्होंने समयबद्ध तरीके से सभी औपचारिकताओं को पूरा करने और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित लेखाओं का निपटान समयबद्ध तरीके से किया जाना चाहिए ताकि वित्तीय पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट मोनिका, डीडीपीओ संजय टांक, डिप्टी सीईओ राजीव, जिला के सभी विकास खंडों के बीडीपीओ व करनाल की सभी नगर पालिकाओं के सचिव मौजूद रहे।