करनाल कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं एवं जिला बार एसोसिएशन से भेंट कर राज्य स्तरीय महाराणा प्रताप जयंती समारोह का दिया निमंत्रण
एनडी हिन्दुस्तान
करनाल ।असंध विधानसभा क्षेत्र के विधायक योगेन्द्र राणा आज मंगलवार को करनाल कोर्ट परिसर पहुंचे, जहाँ उन्होंने अधिवक्ताओं एवं जिला बार एसोसिएशन के सदस्यों से भेंट कर उन्हें 29 मई को सालवन में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय महाराणा प्रताप जयंती समारोह में सादर आमंत्रित किया।
समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। यह समारोह न केवल ऐतिहासिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि युवाओं में देशभक्ति, स्वाभिमान और संस्कृति के प्रति जागरूकता फैलाने का माध्यम भी बनेगा। विधायक राणा के करनाल कोर्ट परिसर आगमन पर जिला बार एसोसिएशन ने उनका भव्य स्वागत किया। फूल मालाओं, तालियों और गर्मजोशी भरे अभिवादन के साथ वकीलों ने उन्हें सम्मानित किया। वकीलों ने विधायक के समाज सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है। विधायक योगेन्द्र राणा ने अपने संबोधन में कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन साहस, बलिदान और राष्ट्र के प्रति निष्ठा का अनुपम उदाहरण है। उनकी जयंती न केवल एक उत्सव है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। इस समारोह में आपकी उपस्थिति ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से अपील की कि वे बड़ी संख्या में सालवन पहुंचकर समारोह की गरिमा को और ऊँचा उठाएं तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त करें। जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विधायक राणा को विश्वास दिलाया कि वे पूरे उत्साह और सम्मान के साथ भारी संख्या में समारोह में उपस्थित होकर इसे ऐतिहासिक बनाएंगे। इस अवसर पर कोर्ट परिसर में एक उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। वरिष्ठ अधिवक्ताओं, बार पदाधिकारियों, युवा वकीलों और गणमान्य नागरिकों ने एक स्वर में कहा कि महाराणा प्रताप जैसे महापुरुषों की जयंती का आयोजन समाज में नई चेतना और प्रेरणा भरने का कार्य करता है। विधायक राणा के इस प्रयास की चारों ओर सराहना हो रही है, और सालवन में होने वाले इस राज्य स्तरीय समारोह को लेकर जनमानस में उत्साह चरम पर है। इस अवसर पर राजपूत सभा के जिलाध्यक्ष डॉ एनपी सिंह, एसोसिएशन के प्रधान सुरजीत सिंह मधान, राजकुमार चौहान, नितिन भारद्वाज, नवीन कुमार राणा, संगीता, सहित भारी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।