कैबिनेट मंत्री बोले, पहरावर धाम में स्थापित होगी भगवान परशुराम की भव्य प्रतिमा
मुख्यमंत्री ने किया है पहरावर में पांच शिलान्यास, मैचिंग ग्रांट के लिए समाज करेगा पांच करोड़ रुपये एकत्रित
50 साल बाद तीसरे कैम्पस में हुए शिलान्यास से विप्र समाज व सर्व समाज मे खुशी की लहर
एनडी हिन्दुस्तान
रोहतक। प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि गांव पहरावर में राष्ट्रीय स्तर का लॉ कॉलेज सहित गौड़ संस्था के प्रशासनिक भवन, भगवान परशुराम पब्लिक स्कूल, भगवान परशुराम कालेज ऑफ नर्सिंग फार गर्ल्स का मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया है, जिनका पर जल्द से जल्द काम शुरू करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा एक तरह से शिक्षा क्षेत्र में नया इतिहास रचा गया है। इस आयोजन में सर्व समाज की भागीदारी व शहीद, सैनिकों के सम्मान को समर्पित किए जाने की पूरे देश मे चर्चा हो रही है। रविवार को कैबिनेट मंत्री सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम की भव्य व सबसे बड़ी प्रतिमा समाज के सहयोग से रोहतक के पहरावर धाम में स्थापित की जाएगी। इसके लिए नामचीन आर्किटेक्ट्स व कारीगरों से विशेष कार्य योजना तैयार करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि 50 साल बाद गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा कैम्पस में जो शुरुआत हुई हैं, उससे प्रदेश के युवाओं को बड़े अवसर व अपार संभावनाएं उपलब्ध होंगी। सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा के तीसरे कैम्पस में भगवान परशुराम जन्मोत्सव अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह में बड़ा जनसैलाब उमड़ा। सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हाथों गौड़ संस्था कैम्पस में शुभ शुरुआत हुई है, जिसको लेकर विप्र समाज व सर्व समाज में खुशी की लहर है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में सर्व समाज की भागीदारी व शहीद, सैनिकों के सम्मान को समर्पित किए जाने की पूरे देश मे चर्चा हो रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जहां मैचिंग ग्रांट की घोषणा के साथ पहरावर कैम्पस में शैक्षणिक परिसरों के विकास को गति देने का काम किया है, वहीं गांव पहरावर में विभिन्न विकास कार्यों की मांगों पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपनी सहमति देते हुए उनकी फिजिबलिटी की जांच करवाते हुए पूरा करवाने का भरोसा दिया है।
बॉक्स
गौड़ संस्था के चुनाव से पहले खुलवाएंगे सदस्यता अभियान
पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा के चुनाव से पहले संस्था के सदस्यता अभियान को खुलवाया जाएगा, इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी चर्चा करके अनुरोध किया गया है। उन्होंने कहा कि गांव पहरावर द्वारा दान में दी गई जमीन पर कांग्रेस के समय में आई अड़चन को पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल द्वारा दूर किया गया। आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस परिसर में शुरुआत करते हुए जनभावनाओं का सम्मान किया है। उन्होंने श्रेय की लड़ाई पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा का हितैषी है, बच्चों का हितैषी है, उसे शिलान्यास हो चुकी 4 परियोजनाओं को आगे बढाने में अपना योगदान देना चाहिए।
मेरा मकसद श्रेय लेने की बजाय गौड़ संस्था का विकास
गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा के तीसरे कैम्पस पहरावर में भगवान परशुराम जन्मोत्सव अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह की कामयाबी का श्रेय लिए जाने के सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि श्रेय लेना मेरा मकसद नहीं है। अब तक किए गए व भविष्य में मेहनत इसलिए की जाएगी, क्योंकि संस्था के साथ हमारी आत्मा, हमारे पूर्वजों की मेहनत जुड़ी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौड़ संस्था को सकारात्मक दृष्टिकोण से बढ़ावा देने के लिए हर उस व्यक्ति को काम करना चाहिए, जो संस्था का या बच्चों का हितैषी है। हमें मिलकर काम करना है ताकि जो विकास परियोजनाओं के शिलान्यास हुए हैं, उन कार्यों को आगे बढ़ाएं, ताकि 36 बिरादरी के बच्चों को इसका लाभ मिल सके।