एनडी हिन्दुस्तान
करनाल । जिला खनन अधिकारी निरंजन लाल ने बताया कि महानिदेशक केएम पांडुरंग और उपायुक्त उत्तम सिंह के निर्देशों के तहत जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनन पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए जांच अभियान जारी है। इसी कड़ी में गत दिवस खनन विभाग और हरियाणा राज्य एनफोर्समेंट ब्यूरो की संयुक्त टीम में शामिल एसआई मोहन लाल, एएसआई राजेंद्र, माइनिंग गार्ड संजीव कुमार व रोहतास द्वारा चैकिंग के दौरान इंद्री के पास 6 मीट्रिक टन रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़ा गया। चालक राजेंद्र पुत्र बचना सिंह निवासी गांव चंद्राह के पास ट्रैक्टर-ट्राली में भरे रेत का बिल नहीं पाया गया। इसी कारण वाहन को जब्त कर एनफोर्समेंट ब्यूरो के थाने में पहुंचाया गया है।
खनन अधिकारी निरंजन लाल ने बताया कि राजेंद्र पर 2 लाख 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। एक महीने के भीतर जुर्माने की राशि अदा न करने पर वाहन को जब्त कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अवैध खनन की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सजग है। जिला में अवैध खनन किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।